पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के खुले दर्शन के लिए भारत-पाकिस्तान के बीच बनाया गया करतारपुर कॉरिडोर पूरे साल खुला रहेगा। वीरवार को डेरा बाबा नानक की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरुवार को भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई, जिसमें भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अलावा पंजाब सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारत की टीम की अगुवाई कर रहे केंद्रीय गृह विभाग के संयुक्त सचिव सीएसएल दास ने बताया कि श्रद्धालुओं के हितों और 550वें प्रकाश पर्व के कारण पाकिस्तान द्वारा श्रद्धालुओं से 20 डॉलर लेने के समझौते पर भारत हस्ताक्षर करने के लिए तैयार हो गया।
बेशक इस समझौते पर हस्ताक्षर हो गए हैं, लेकिन फिर भी भारत पाकिस्तान की सरकार से यह फीस न वसूलने के लिए निवेदन कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी तरफ से तो पुल तैयार कर दिया है, उन्हें पूरी आशा है कि पाकिस्तान भी अपनी तरफ से से पुल तैयार करेगा।