बाजार में जिस प्याज की कीमत आजकल 60 से 80 रुपये प्रति किलो है, उसी प्याज को चंडीगढ़ प्रशासन 32 रुपये प्रति किलो के हिसाब से शहर के अलग-अलग हिस्सों में बेच रहा है। वीरवार को शहर के पांच कम्यूनिटी सेंटरों में बने स्टॉल के बाहर प्याज खरीदने के लिए लंबी लाइन लगी रही। प्रशासन ने ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के तहत 32 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज बेचा।
आलम यह रहा कि चार घंटे में ही इन सेंटरों पर प्याज ऑउट ऑफ स्टॉक हो गया। प्याज के बढ़ते दामों से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए प्रशासक वीसी सिंह बदनौर से बुधवार को यह फैसला लिया था। वीरवार को मौलीजागरां, धनास, मलोया, रामदरबार और मनीमाजरा के कम्यूनिटी सेंटर में स्टॉल लगाए गए और प्रति परिवार दो किलो प्याज बेचा गया।
जानकारी के अनुसार, खाद्य और आपूर्ति विभाग ने पांचों सेंटरों पर डेढ़-डेढ़ क्विंटल प्याज बेचने के लिए रखा था। इसके अलावा एक मोबाइल वैन के जरिए बुड़ैल में सस्ते रेट पर ब्याज बेचा गया। पहले दिन के अच्छे रिस्पांस को देखने के बाद खाद्य और आपूर्ति विभाग ने शुक्रवार को प्याज की सप्लाई और बढ़ाने की बात कही है।
इसके अलावा एक अन्य मोबाइल वैन की भी शुरुआत की जाएगी, जो ड्डूमाजरा में जाकर लोगों को सस्ते दाम पर प्याज बेचेगी। खाद्य और आपूर्ति विभाग के ऑफिसर ने कहा कि पांचों सेंटर पर लोगों का रिस्पांस काफी अच्छा रहा। पहले दिन कुल 10 क्विंटल प्याज बेचा गया।