मरीजों को सस्ती दवा मुहैया कराने वाले अमृत फार्मेसी पर भरोसा जताते हुए पीजीआई ने एक और आउटलेट खोलने की मंजूरी दे दी है। नया आउटलेट शुक्रवार को एडवांस आई सेंटर के ठीक सामने खुलने जा रहा है। इसमें आंखों की दवाइयां और ओपीडी में आने वाले मरीजों को करीब 60-70 प्रतिशत दवाइयां मिलेंगी। ओपीडी और आंखों के मरीजों के लिए ये एक बड़ी राहत है। पीजीआई में अभी तीन अमृत आउटलेट हैं। दो नेहरू हास्पिटल और एक कार्डियोलॉजी में। इन सभी आउटलेट की सेल लाखों में पहुंच गई है। इससे मरीजों को काफी फायदा पहुंच रहा है।
पांच हजार दवाइयां होंगी आउटलेट में
एडवांस आई सेंटर में खुल रहे आउटलेट में पांच हजार से ज्यादा दवाइयां होंगी। इसमें लैंस और आई ड्रॉप के अलावा दूसरी दवाइयां भी होंगी। अमृत के अधिकारियों ने बताया कि एक बार शॉप शुरू होने के बाद डिमांड के मुताबिक दवाइयां और मंगवाई जाएंगी। पूरी कोशिश रहेगी कि ओपीडी और आई सेंटर में आने वाले सभी मरीजों को दवाएं यहीं से मिले। नए आउटलेट का उद्घाटन पीजीआई के डायरेक्टर डॉ. सुभाष वर्मा आज दोपहर ढाई बजे करेंगे।
आउटलेट से एक करोड़ की कमाई
इस साल खुले आउटलेट मरीजों को कितना फायदा पहुंचा रहे हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पीजीआई में आउटलेट की हर महीने सेल एक करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इससे एक बात यह भी साबित हो रही है कि पीजीआई के मरीज अन्य केमिस्ट शॉप के बजाए अमृत को ही तवज्जो दे रहे हैं।
अमृत फार्मेसी में लोकल वेंडर की सप्लाई शुरू
स्टेंट कंपनियों के लोकल वेंडरों ने अमृत फार्मेसी में अपनी सप्लाई शुरू कर दी है। अमृत फार्मेसी में परनोवा, जेनसिंक और बोस्टन कंपनी की ओर से सप्लाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि शुक्रवार तक यूएस एफडीए अपूर्व्र स्टेंट भी अमृत फार्मेसी में पहुंच जाएंगे। हालांकि विशेषज्ञों ने बताया है कि आज तक ऐसी कोई भी स्टडी नहीं हुई है, जो बता पाए कि कौन सा स्टेंट बेहतर है।
अमृत फार्मेसी और वेंडर के बीच बनी सहमति
पिछले दिनों पीजीआई के दखल देने के बाद अमृत फार्मेसी और वेंडर के बीच सहमति बन चुकी है। इसमें वेंडर अमृत फार्मेसी को सामान सप्लाई करेंगे और अमृत फार्मेसी जीरो प्रतिशत मुनाफे के साथ स्टेंट बेचेगा। दोनों के बीच हुई मीटिंग्स के मिनट पर पीजीआई की ओर से हस्ताक्षर भी कर दिए गए हैं। अब धीरे-धीरे लोकल वेंडर अमृत फार्मेसी के जरिए अपनी सप्लाई देंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि अमृत फार्मेसी से मरीजों को काफी फायदा पहुंच रहा है। मरीजों को स्टेंट भी काफी सस्ते पड़ रहे हैं।