चंडीगढ़। डड्डूमाजरा स्थित रामलीला मैदान के पास से क्राइम ब्रांच ने एक युवक को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मलोया थाना पुलिस ने डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी गौरव (19) के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
क्राइम ब्रांच पुलिस वीरवार को मलोया थाने के अंतर्गत गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि एक युवक तमंचा लेकर आने वाला है। सूचना पर टीम ने डड्डूमाजरा स्थित रामलीला मैदान के पास नाका लगाकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ। टीम की पूछताछ में आरोपी गौरव तमंचे से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका। जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश से तमंचे को लाकर यहां बेचता था। टीम अब रिमांड के दौरान पूछताछ में जुटी हुई है कि वह तमंचा किसे सप्लाई करना था और कितने में खरीद कर लाया था।