चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली। कोरोना से शुक्रवार को ट्राइसिटी में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 45 नए संक्रमित मिले हैं। संक्रमण से चंडीगढ़ में दो, मोहाली और पंचकूला में एक-एक ने दम तोड़ा है। इसके अलावा चंडीगढ़ में 39, मोहाली में 24 और पंचकूला में 12 नए संक्रमित मिले हैं।
शहर में 47 लोगों के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। सेक्टर-38 निवासी 90 वर्षीय पुरुष, मौलीजागरां की 60 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई। ये कोरोना के अलावा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। 39 नए संक्रमितों में धनास में तीन, सेक्टर 44 में चार, सेक्टर 15 में तीन, सेक्टर 34 में दो, सेक्टर आठ में दो मिले हैं। कजहेड़ी, खुड्डा लाहौरा, रामदरबार, मनीमाजरा में भी कुछ लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना से अब तक 804 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 61358 लोग संक्रमित हो चुके हैं।