पंजाब के पटियाला के शहीद ऊधम सिंह नगर में मां व बेटे के हुए दोहरे कत्ल को पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कत्ल की गई महिला की देवरानी का भांजा है। जिसने विदेश जाने की चाह में लूट के इरादे से घर में प्रवेश किया और बेरहमी से चाकू से कई वार कर मां व बेटे का कत्ल कर दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक को वारदात में इस्तेमाल चाकू व लूटी नकदी व गहनों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह उर्फ काका निवासी गांव गणेशपुरा जिला बूंदी राजस्थान के तौर पर हुई है।
बीएससी करने के बावजूद बेरोजगार था, पैसे कमाने के लिए जाना चाहता था विदेश
एसएसपी वरुण शर्मा ने शनिवार सुबह पुलिस लाइन में हुई पत्रकार वार्ता को संबोधित करते बताया कि 23 साल के आरोपी हरजीत सिंह ने राजस्थान के अजमेर से बीएससी की पढ़ाई की थी, लेकिन 2021 में पासआउट हाने के बाद से वह बेरोजगार था। उसे अब विदेश जाने की चाह थी, लेकिन आय का कोई साधन न होने पर और पैसे न होने के कारण अपने सपने पूरे नहीं कर पा रहा था।
पिछले करीब सात माह से वह पटियाला में साथ ही सटे मकान में रहने वाली सगी मासी के घर पर ही रह रहा था। इसी दौरान आरोपी ने अपनी मासी की जेठानी जसवीर कौर (50) के घर लूट की योजना बनाई, जो साथ वाले घर में ही रहती थी। आरोपी हरजीत सिंह उसे भी मासी कहकर ही बुलाता था।
एसएसपी ने बताया कि साजिश के तहत आरोेपी ने कई दिन तक जसवीर कौर के घर की रेकी की। पता किया कि उसका पति गुरमुख सिंह सुबह कितने बजे ई रिक्शा चलाने के लिए घर से जाता है और शाम को कब वापसी करता है।
नशे के कारण हरविंदर आरोपी का नहीं कर सका मुकाबला
26 जुलाई को आरोपी पूरी तरह से तैयारी करके जसवीर कौर के घर गया। उसे देखते ही जसवीर कौर ने पूछा कि बेटा कैसे आना हुआ तो आरोपी ने उस पर चाकू के साथ हमला कर दिया और कमर, पीठ, चेहरे व गर्दन पर 21 वार करके उसका कत्ल कर दिया। शोर सुनकर ऊपरी मंजिल से बेटा हरविंदर सिंह उर्फ जग्गी (26) जैसे ही नीचे उतरा तो आरोपी ने उस पर भी हमला बोल दिया।
पुलिस के मुताबिक जग्गी नशे की बुरी लत का शिकार था। हालांकि उसका नशा छोड़ने के लिए इलाज भी चल रहा था। लेकिन नशे के कारण शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण वह आरोपी हरजीत सिंह का मुकाबला नहीं कर सका। आरोपी ने 11 वार करके उसका भी कत्ल कर दिया। बाद में दोनों की लाश कमरे के साथ वाले बाथरूम में डाल दी।
सबूत मिटाने के लिए फर्श से खून के निशान साफ किए
पुलिस के मुताबिक कत्ल के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए फर्श से खून के निशान साफ किए। इसके बाद घर में रखी करीब सात हजार की नकदी, महिला के कानों की सोने की बालियां व कुछ चांदी के गहने लूटकर घर की पिछली साइड वाली दीवार से फरार हो गया। जसवीर कौर की बेटी की शादी कुछ माह पहले ही हुई थी। महिला का बेटा जिसकी आरोपी ने हत्या की वह भी अगस्त 2023 में कनाडा जाने वाला था। इसी लिए आरोपी को यकीन था कि घर में काफी पैसे और गहने हाेंगे। यही वजह दोनों की हत्या का कारण बनी।
वारदात को अंजाम देने का कोई मलाल नहीं
पुलिस के मुताबिक आरोपी को इस संगीन वारदात को अंजाम देने का कोई मलाल नहीं है। पूछताछ में पता चला है कि वारदात के बाद घर पहुंचने पर उसने अपने कपड़े धोए और नहाकर गुरुद्वारे में माथा टेकने चला गया। बाद में बिल्कुल सामान्य ढंग से वह अपनी मासी व उसके परिवार के लोगों के साथ रहा। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल इस घिनौनी वारदात में आरोपी की मासी व उसके परिवार के किसी सदस्य की संलिप्तता सामने नहीं आई है। अगर आगे की जांच में कुछ ऐसा सामने आया, तो उन्हें नामजद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस केस को सीसीटीवी कैमरों व फोरेंसिक माहिरों और तकनीकी जांच के जरिये हल करने में सफलता हासिल की है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को जल्द अदालत में पेश करके उसका रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि और अहम खुलासे हो सकें।