चंडीगढ़ में ऑन द स्पॉट सब्सिडी की योजना लागू कर दी गई है। अब ग्राहकों को बैंक के माध्यम से सब्सिडी न देकर मौके पर ही सब्सिडाइज्ड रेट पर सिलेंडर दिया जा रहा है। चंडीगढ़ में पहले ही दिन करीब नौ हजार सिलेंडर सब्सिडाइज्ड रेट पर बांटे गए।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा पास किए गए डायरेक्ट सब्सिडी ट्रांसफर की योजना को फिलहाल होल्ड कर लिया गया है। सोमवार से घरेलू गैस के सिलेंडर सिटी की गैस एजेंसियों पर सब्सिडाइज्ड रेट पर बांटे गए।
चंडीगढ़ में भारत गैस, इंडियन आयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की तीस से ज्यादा एजेंसियां हैं। इनमें 23 एजेंसियां इंडियन आयल की हैं जबकि चार भारत और पांच हिंदुस्तान पेट्रोलियम की हैं।
चंडीगढ़ के एक गैस एजेंसी के मालिक ने बताया कि नई दिल्ली से यह आर्डर उनके पास पहुंच चुके हैं और उनको लागू करने के लिए आदेश जारी किए गए थे। उनको शनिवार को कंपनी का एसएमएस मिल गया था।
डिलीवरी सिस्टम को ठीक करने के लिए उन्होंने सब्सिडाइज्ड रेट पर दिए जाने वाले सिलेंडर शनिवार को ही डिलीवर करवा दिए थे। रामदरबार स्थित एक गैस एजेंसी के मालिक ने कहा कि पहले दिन उन्होंने करीब 280 सिलेंडरों की डिलीवरी सब्सिडाइज्ड रेट पर दी।
चंडीगढ़ में गैस के रेट-422.50 रुपये
मोहाली में गैस के रेट-433.00 रुपये