अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मियों की पंजाब सरकार के साथ मंगलवार को हुई बैठक के सकारात्मक परिणाम आए हैं। सरकार से 30 प्रतिशत वेतन में इजाफे का आश्वासन मिलने के बाद कांट्रेक्ट कर्मियों ने अपनी हड़ताल को 29 सितंबर तक टाल दिया है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों को पक्की नौकरी पर भी जल्द फैसला लेने का भरोसा दिया है। इसके बाद राज्य में बुधवार से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
पंजाब रोडवेज कर्मियों के समर्थन में आए हरियाणा कर्मी
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर पंजाब रोडवेज के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग के समर्थन में मंगलवार को हरियाणा रोडवेज के सभी डिपो पर दो घंटे विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम महाप्रबंधकों को ज्ञापन सौंपे।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता इंद्र सिंह बधाना, सरबत सिंह पूनिया, दलबीर किरमारा, आजाद सिंह गिल, नसीब जाखड़, दिनेश हुड्डा, बलवान सिंह दोदूआ व बलबीर जाखड़ ने कहा कि पंजाब में पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी व पनबस को मिलाकर केवल 2700 बसें ही हैं, जो जनसंख्या के अनुपात में बहुत कम है। कुल कर्मचारियों में केवल 10 प्रतिशत कर्मचारी पक्के हैं, शेष 90 प्रतिशत कच्चे हैं।