ऑनलाइन सेक्सुअल वेबसाइट की आड़ में चंडीगढ़ सेक्स रैकेट का अड्डा बनता जा रहा है। वेबसाइट से एजेंट ग्राहकों को होटलों में बुकिंग कराने का ऑफर देते हैं और फिर अलग-अलग लड़कियों की फोटो दिखाकर उनसे डील तय करते हैं। हैरानी की बात यह है कि खुलेआम चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस को खबर नहीं है या फिर अनजान बनी है। एजेंट बिना भय शहर के किसी भी होटल मेें आसानी से लड़कियों को ग्राहकों तक भेजकर धंधा कर रहे हैं।
इंटरनेट पर ऐेसे अलग-अलग 50 के करीब ऑनलाइन सेक्सुअल वेबसाइट हैं, इसमें मसाज करना, लड़कियों से दोस्ती, कालगर्ल, समेत अन्य कई लुभावना लालच दिया जाता है।
सर्विस पाने के लिए वेबसाइट में बकायदा अलग-अलग एजेंटों के मोबाइल नंबर दिए गए हैं। नंबर पर कॉल कर पता चलता है कि फ्रेंडशिप क्लब में दोस्ती कराने की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। अमर उजाला संवाददाता ने इसकी एक सप्ताह तक गहनता से पड़ताल की, जिसमें कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। इसके तथ्य जुटाने के लिए फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से इस वेबसाइट में दिए गए नंबरों पर संपर्क किया गया तो सब कुछ साफ होता चला गया।
पुलिस आई तो, जिम्मेवारी हमारी
इन वेबसाइट पर सब कुछ खुलेआम चल रहा है। कोई भी फोन कॉल कर या व्हाट्स एप के जरिये एजेंट से बात कर सकता है। करीब दस एजेंटों से बात करने पर सभी ने अलग-अलग शर्तों के साथ लड़कियों के रेट बताए, लेकिन हैरानी की बात है कि सभी एजेंट ने गारंटी दी कि पुलिस का कोई डर नहीं है, ऐसे में अगर पुलिस आती भी है तो इसकी जिम्मेवारी उनकी होगी। एजेंट बताते हैं कि पूरी सुरक्षा के साथ होटल उपलब्ध कराया जाएगा।