सुरंग बनाकर पाइपलाइन से हजारों रुपये के तेल की चोरी हो रही थी। यह खेल कई महीनों से चल रहा था, जिसका खुलासा अब जाकर हुआ। घटना हरियाणा के पानीपत जिले की है। मथुरा-जालंधर पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी की पांचवीं वारदात का पर्दाफाश हुआ है।
अभी पिछली चार तेल चोरियों में हुए नुकसान का आंकलन तक नहीं लग पाया कि तेल चोरी की इस पांचवीं वारदात ने रिफाइनरी अधिकारियों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। इस बार मॉडल टाउन स्थित विराट नगर फेस-3 में बने एक गोदाम के नीचे से चोरी का मामला सामने आया है। मामले की जांच असंध नाका चौकी पुलिस व सीआईए टीम कर रही है।
गोदाम में सुरंग बनाकर फाइनरी की मथुरा से जालधंर जाने वाली पाइपलाइन में से तेल चोरी किया जा रहा था। यह गोदाम करीब 2 साल पहले सिंचाई विभाग के रिटायर्ड एसडीओ राज सिंह पूनिया ने बनाया था। उसने इसे करीब डेढ़ माह पहले सोनीपत के एक आदमी को किराये पर दिया था।
इसमें पुराने कपड़े की छंटनी का काम किया जा रहा था। लेकिन वास्तव में उसके अंदर क्या काम हो रहा था, किसी को नहीं पता था। गार्ड ने लीकेज पाया तो पानीपत रिफाइनरी की टीम वहां पर पहुंची और तेल लीकेज वाले स्थान को कब्जे में ले लिया। इसके बाद असंध चौकी इंचार्ज श्री भगवान व सीआईए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।