चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से दो साल के बाद ऑफलाइन परीक्षाओं का आयोजन करवाया जा रहा है। पीयू ने सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर वीरवार को कार्यक्रम जारी किया है। इसमें एमए, एमएससी, एमकॉम, एमपीएड इत्यादि कोर्स की परीक्षाएं 28 जून से शुरू हो रही हैं और 22 जुलाई को खत्म होंगी। वहीं, यूजी कोर्स की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 15 जून से 21 जून तक और पीजी कोर्स की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 20 जून से शुरू होकर 25 जून को खत्म होंगी।
पीयू की ओर से दो साल बाद कैंपस के विभागों और संबंद्ध कॉलेजों व रिजनल सेंटर के लिए ऑफलाइन सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें लगभग दो लाख से अधिक परीक्षार्थी पेपर देने के लिए ऑफलाइन माध्यम में बैठेंगे। इसमें पंजाब के कॉलेजों के लगभग डेढ़ लाख के करीब विद्यार्थी परीक्षा के लिए अपीयर होंगे। वहीं, पीयू में चल रहे प्राइवेट कोर्स के विद्यार्थी भी परीक्षा में शामिल रहेंगे। पीयू की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार एमए, एमएससी, एमकॉम, एपीएड की परीक्षा दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी।
बीए-बीएससी की परीक्षा 22 जून से
पीयू की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार बीए-बीएससी कोर्स की परीक्षाएं 22 जून से शुरू होंगी और 26 जुलाई को खत्म होंगी। वहीं, थ्योरी परीक्षा के लिए पेपर का समय सुबह साढ़े 9 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक रहेगा। बीबीए की परीक्षा 5 जुलाई से शुरू होकर 23 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक रहेगा। वहीं, एलएलबी के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 जून से शुरू होंगी। परीक्षा का समय सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक रहेगा।