कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं: एचएस लक्की
एनएसयूआई चंडीगढ़ अध्यक्ष सचिन गालव ने चंडीगढ़ पुलिस की निंदा करते कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में पुलिस की ओर से बल प्रयोग के दौरान कार्यकर्ताओं को लाठियों से पीटा गया। इसमें 50 कार्यकर्ताओं को गंभीर चोट आई है। एनएसयूआई ने पुलिस के रवैये की जांच की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। उन पर पुलिस ने पानी की बौछार के साथ लाठीचार्ज कर दिया। जब तक मेयर की ओर से इस्तीफा नहीं दिया जाता तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
आप की भूख हड़ताल जारी, मलोया में निकाला कैंडल मार्च
उधर, आम आदमी पार्टी की भूख हड़ताल बुधवार को चौथे दिन भी जारी रही। पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शाम को मलोया में कैंडल मार्च भी निकाला। इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा ने मेयर चुनाव में जो किया, वह पूरे देश ने देख लिया है। इससे बड़ा कोई अपराध नहीं हो सकता।
सेक्टर-17 स्थित नगर निगम के सामने आप पार्षद व कार्यकर्ता रोजाना भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। बुधवार को वार्ड नंबर-21 के पार्षद जसबीर सिंह लाडी, कार्यकर्ता रौशन, वरिंदर वीरू, सुनील टांक, कुलविंदर यादव व अन्य भूख हड़ताल पर बैठे। भूख हड़ताल सुबह करीब साढ़े 10 बजे शुरू होकर शाम साढ़े पाच बजे तक चली। शाम को हड़तालियों को पुलिस ने उठा दिया। इसके बाद शाम छह बजे मलोया में कैंडल मार्ड निकाला गया।
कैंडल मार्च के दौरान आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया ने कहा कि हम अपने लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। देश में निष्पक्ष चुनाव हो, यह हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है लेकिन भाजपा पूरी चुनाव प्रक्रिया को खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा जैसी तानाशाही पार्टी को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। आगामी आम चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। आप नेता ने कहा कि वे तब तक लड़ते रहेंगे जब तक देश को तानाशाह भाजपा के चंगुल से मुक्त नहीं करा लेते। अनिल मसीह की गिरफ्तारी तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।