पंचकूला में अब शादी और पार्टी के लिए समारोह स्थल की बुकिंग करवाने के लिए आपको इस्टेट कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे।
रेजीडेंट्स को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की आईटी विंग ने ऑनलाइन बुकिंग सेवा के लिए सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है। वर्तमान में आईटी विंग इसके ट्रायल में जुटा हुआ है। सब कुछ ठीक रहा तो यह सुविधा आपको फरवरी माह में मिलने लगेगी।
इसके माध्यम से रेजीडेंट्स हुडा के अंतर्गत आने वाले सिटी पार्क, साइट्स और कम्यूनिटी सेंटर्स की बुकिंग करवा सकेंगे। समारोह स्थल के लिए पेमेंट भी ऑनलाइन होगी।
अब तक सिटी के पार्कों, हुडा की खाली साइट्स और कम्यूनिटी सेंटर्स की बुकिंग कराने के लिए लोगों को हुडा ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे। ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने से हुडा के समारोह स्थलों की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी। इससे पारदर्शिता भी आएगी।
हुडा के इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से ट्राइसिटी के वैभवशाली इंद्रधनुष आडिटोरियम को शामिल किया है, जिसकी बुकिंग ऑनलाइन की जाएगी। यहां पर महीने में कई बड़े समारोह होते हैं। हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के दायरे में शहर के सबसे बड़े पार्क आते हैं।
शहर में कई खाली साइट हैं, जहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम होते हैं। सिटी में 23 से ज्यादा कम्यूनिटी सेंटर हुडा के अंडर आते हैं। हुडा की आईटी विंग ने हुडा ही साइट पर इस बारे में ऑप्शन तैयार किया हैं। हुडा की किसी भी साइट को बुक करवाने के लिए ऑनलाइन साइट खोलनी होगी।
चाहे पार्क बुक करना हो या फिर किसी कम्यूनिटी सेंटर को। हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुडा) की आईटी विंग के जनरल मैनेजर संजीव शर्मा ने बताया कि ट्रायल शुरू हो गए हैं। इसे फरवरी के आखिरी सप्ताह तक लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
ऑनलाइन बुकिंग से होगा लाभ
केके भादू, इस्टेट अधिकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला ने बताया कि शादी और पार्टी के लिए पंचकूला में काफी लोग बुकिंग करवाने के लिए आते हैं। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन सिस्टम के शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। इसी सॉफ्टवेयर में सारी जानकारी होगी। बुकिंग के रेट्स, जगह की उपलब्धता आदि भी इसके माध्यम से ही मालूम हो सकेगी।