अब केंद्र की मल्टी डिसिप्लिनरी हाई लेवल टीम पंजाब में संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाने वाले सभी विभागों को साथ लेकर काम करेगी। केंद्र की ओर से पंजाब सरकार को कोरोना से संबंधित सभी नियमों को और सख्ती से पालन कराने और सभी जरूरी एहतियातन कदमों को सख्ती से लागू करने के लिए भी कहा है।
पांच प्रतिशत नमूनों में नए स्ट्रेन का होगा परीक्षण
पंजाब में स्वास्थ्य विभाग हर रोज औसतन 20000 नमूनों की जांच कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग एहतियातन कुल नमूनों के 5 प्रतिशत नए स्ट्रेन के परीक्षण के लिए दिल्ली और पुणे की लैबों में भेजेगा। संक्रमण दर बढ़ने के साथ ही सांस लेने में परेशानी होने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
पांच जिलों में हालात खराब
पंजाब के पांच जिलों में संक्रमण को लेकर हालात ज्यादा खराब हैं। इनमें एसबीएस नगर, लुधियाना, जालंधर, एसएएस नगर और अमृतसर शामिल हैं। लुधियाना में अभी तक सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं, यहां मौतों का आंकड़ा 1000 के पार पहुंच गया है। जालंधर और अमृतसर में भी 500 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।
पंजाब में लगातार हो रहे सार्वजनिक कार्यक्रमों के कारण कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह में संक्रमण की दर में 2 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग लगातार संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कारगर उपाय कर रहा है। - हुसन लाल, मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, पंजाब।