चंडीगढ़। शिक्षा विभाग ने वीरवार को सभी सरकारी स्कूलों को 9वीं और 11वीं कंपार्टमेंट की परीक्षाओं के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी। हालांकि कोरोना के चलते अभी तारीख तय नहीं की गई है। विभाग ने बताया कि दोनों क्लास के स्टूडेंट्स दोबारा परीक्षा देंगे और बिना पास हुए प्रमोट नहीं किया जाएगा। इसके अलावा कहा है कि जिन स्टूडेंट्स की कंपार्टमेंट आई है उनकी परीक्षा की तैयारी ऑनलाइन कक्षा द्वारा करवाई जाएगी।
इस बार शिक्षा विभाग ने 20 अप्रैल को 9वीं और 11वीं की परीक्षा का नतीजा घोषित किया। कोरोना वायरस के चलते किसी भी स्टूडेंट्स को फेल नहीं किया गया और सभी को 30-30 नंबर ग्रेस मार्क्स के रूप में दिए गए थे। इसके बावजूद 9वीं कक्षा में 4000 के करीब स्टूडेंट्स और 11वीं क्लास में 550 स्टूडेंट्स की कंपार्टमेंट आई है। विभाग ने पहले 15 मई को कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित करवाने का निर्णय लिया था, लेकिन बाद में लॉकडाउन के चलते इसे स्थगित कर दिया।
बिना परीक्षा नहीं होंगे प्रमोट
शिक्षा विभाग ने नोटिफिकेशन में बताया कि छात्रों को बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए 9वीं और 11वीं दोनों कक्षा पास करना जरूरी है। इसके अलावा शिक्षा विभाग की ओर से स्टूडेंट्स को कंपार्टमेंट में कोई भी सहूलियत नहीं दी जाएगी।
कोट --
अभी केवल कंपार्टमेंट के लिए नोटिफिकेशन जारी हुआ है। बच्चों की पढ़ाई के लिए समय दिया जा रहा है। ऑनलाइन पढ़ाई का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
- हरबीर सिंह आनंद, जिला शिक्षा अधिकारी