ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट आईटी सिटी को बसाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
गमाडा ने तय किया किया है कि आईटी में केवल आईटी एवं बायोटेक्नोलॉजी पर आधारित इंडस्ट्री लगाई जाएगी। जो नॉन पॉल्यूशन होगी।
गमाडा इसके लिए एक विशेष पॉलिसी बनाने जा रहा है। इसके बाद प्रोजेक्ट की साइट पर प्लॉट काटने की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। गमाडा अधिकारियों के मुताबिक आईटी सिटी तीन सेक्टरों में बसाई जाएगी।
इसमें 82ए, 83ए व 101 सेक्टर शामिल हैं। इंडस्ट्री के लिए गमाडा ने विभिन्न गांवों से लगभग 1686 एकड़ जगह एक्वॉयर की है। साथ ही जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इस प्रोजेक्ट के लिए गमाडा ने विशेष कमेटियां गठित की हैं। जो कि प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। इसके अलावा आईटी की योजना मास्टर प्लान में शामिल है।
उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले एक महीने में प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। जिक्रयोग है कि जब गमाडा ने प्रोजेक्ट के लिए कार्रवाई शुरू की थी। उससे पहले गमाडा के अफसरों ने कई बड़े महानगरों में स्थापित आईटी सिटी का दौरा किया था। इसके बाद प्रोजेक्ट की प्लानिंग हुई थी।
पॉलिसी के लिए लोग भी दे पाएंगे सुझाव
गमाडा ने आईटी सिटी के लिए जो विशेष पॉलिसी बनाने का रणनीति पर काम शुरू किया है, उसमें शहर के लोगों को भी शामिल करने का फैसला लिया गया। इसके लिए लोगों से सुझाव मांगे गए हैं। लोगों को दस दिनों में अपने सुझाव देने होंगे।
सुझाव ईमेल के जरिए भी भेजे जा सकते हैं। सुझाव भेजने के लिए chief.gmada@gmail.com पर भेजने होंगे।
कई सालों से फाइलों में लटका है प्रोजेक्ट
गमाडा प्रोजेक्ट को लांच करने के लिए कई सालों से संघर्ष कर रहा है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रोजेक्ट लांच करने की तैयारी पूरी कर ली गई।
ब्रॉशर तक छपने की बात शुरू हो गई थी। इसी बीच चुनाव आ गए। इसके बाद प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। 2013 के आखिरी महीनों में भी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा हुई। लेकिन प्लॉटों के साइज को लेकर अडंगा आ गया।
इसके बाद प्रोजेक्ट पर नए सिरे से प्लानिंग शुरू हुई। इस दौरान प्रोजेक्ट को तीन हिस्सो में बनने का फैसला लगाया गया था। जिसमें आईटी इंडस्ट्री, रेजिडेंशिल व कॉमर्शियल शामिल हैं।
एयरपोर्ट से जुड़ी रहेगी आईटी सिटी
गमाडा द्वारा बनाई जा रही आईटी सिटी के पास ही नया एयरपोर्ट बन रहा है। इसके अलावा 200 फुट चौड़ी रोड भी आईटी सिटी के पास से ही गुजर रही है।
गमाडा द्वारा यह सारी प्लानिंग अगले 50 सालों को ध्यान में रखकर की जा रही है। आईटी सिटी के बनने से जहां इलाके के लोगों को रोजगार के बढ़िया अवसर प्राप्त होंगे। वहीं, शहर का नाम दुनिया के नक्शे पर चमकेगा।