देश में खासकर दिल्ली में कोविड के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि वे सामाजिक दूरी रखें और मास्क के प्रयोग को यकीनी बनाएं। यह हालात की मांग है कि सारी पाबंदियों का सख्ती से पालन किया जाए।
बिना लक्षण या कम लक्षण वाले मरीज भी घर में होंगे क्वारंटीन
पंजाब सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, कोरोना से पीड़ित होने की स्थिति में राज्य के लोगों को अस्पतालों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। अब कोरोना के बिना लक्षण या कम लक्षण वाले सभी मरीजों को उनके घरों में ही एकांतवास में रखा जाएगा। ऐसे मरीजों को सरकार की तरफ से तय की गई शर्तों व नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिलों में डिप्टी कमिश्नरों व सिविल सर्जनों को पत्र जारी कर कहा गया है कि ऐसे मरीजों को सरकार द्वारा जारी अंडरटेकिंग देनी होगी। मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत मेडिकल सहूलियत लेनी होगी। एकांतवास में 17 दिन रहने के बाद अगर 10 दिन में बुखार या कोई अन्य लक्षण दिखाई नहीं देता तो मरीज को ठीक मान लिया जाएगा और मरीज को कोई टेस्ट कराने की भी जरूरत नहीं होगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर किसी मरीज के पास घर में एकांतवास की सुविधा नहीं है तो वह कोविड देखभाल केंद्र में जा सकता है।