पंजाब पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए कुल 48111 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। वहीं पंचों के लिए पूरे प्रदेश से 162383 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग के प्रतिनिधि ने बताया कि नाम वापसी 21 दिसंबर तक हो सकेगी। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव निशान अलॉट किए जाएंगे। मतदान तीस दिसंबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा।
उसके बाद मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। राज्य की 13276 पंचायतों के लिए इतने ही सरपंच और 83831 पंच चुने जाएंगे। पंजाब कुल 12787395 वोटर हैं, जिनमें से 6688245 पुरुष, 6066245 महिलाएं और 97 थर्ड जेंडर के हैं। राज्य भर में 17268 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। 86340 कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया जाएगा। सरपंच के उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा तीस हजार और पंच के लिए बीस हजार रुपये है।
धांधली को लेकर चुनाव आयोग पहुंची आप
आम आदमी पार्टी चुनाव को लेकर विधायक बलजिंदर कौर की अगुवाई में राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने चुनाव के दौरान सरकार द्वारा की जा रही धक्केशाही और अधिकारियों द्वारा विरोधी दलों के उम्मीदवारों के परचे रद्द करने का मुद्दा उठाया। साथ ही कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई आरक्षण नीति में खामियां हैं। यह कांग्रेस की सिफारिश पर लागू की गई है, इसका मकसद उनके प्रत्याशियों को फायदा पहुंचाना है। उन्होंने नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख बढ़ाने की मांग की।
सही आंकड़े दे आयोग - शिअद
शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने मांग की है कि चुनाव आयोग पंचायत चुनाव के सही आंकड़े सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आंकड़े चुनाव प्रक्रिया का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं। गलत आंकड़ों को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाने के लिए आयोग सही आंकड़े जारी करे।