शहर से डेल इंटरनेशनल सर्विस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को किसी भी कीमत पर बंद नहीं किया जाएगा। न ही मुलाजिमों की छंटनी की जाएगी। जबकि डेल कंपनी के अन्य सेंटरों में बिजनेस का आदान प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी डेल के सीनियर मैनेजर प्रभात जैन ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के मुख्य संसदीय सचिव एनके शर्मा के साथ हुई विशेष मीटिंग में दी।
मीटिंग में डेल कंपनी के प्रबंधकों ने राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की प्रशंसा की। कंपनी प्रबंधकों ने बताया कि कंपनी की मोहाली यूनिट में इंडिया टेक्निकल स्पोर्ट, ग्लोबल स्पोर्ट व चैटर तीन बिजनेस चलाए जा रहे हैं। इनमें करीब आठ सौ मुलाजिम काम कर रहे हैं। इसके अलावा कंपनी के हैदराबाद, गुडग़ांव व बैगलुरू में भी सेंटर हैं।
शर्मा ने कंपनी के प्रबंधकों को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार डेल कंपनी को किसी भी तरह की मुश्किल नहीं आने देगी। उन्होंने प्रबंधकों को कंपनी का विस्तार करने व अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने की बात भी कहीं। कंपनी को आईटी पार्क मे सस्ती दरों पर जमीन देने की पेशकश भी की। शर्मा ने बताया कि ८०० एकड़ में आईटी पार्क स्थापित किया जा रहा है। जहां पर कई नामी कंपनियां अपने सेंटर शुरू करेगी।
वुमेन व मैन वर्किंग हॉस्टल जल्दी ही बनेंगे
शर्मा ने कहा कि शहर में जल्दी ही अंतरराष्टीय एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। जिससे इलाके में विकास की नई शुरुआत होगी। साथ ही शहर की औद्योगिक इकाईयों में काम करने वाले लोगों की सहुलियत के लिए वुमेन वर्किंग हॉस्टल व मैन वर्किंग हॉस्टल बनाए जाएंगे। राज्य जल्दी ही सरप्लस बिजली पैदा करने वाला राज्य बन जाएगा।
सीएम बादल के आदेश पर हुई मीटिंग
जैसे ही मीडिया में डेल इंडिया के बंद होने की खबरें सामने आई। उसके बाद सीएम प्रकाश सिंह बादल व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने संसदीय सचिव एनके शर्मा को डेल प्रबंधकों से मीटिंग के लिए भेजा गया था। जिसके बाद एनके शर्मा ने कं पनी अधिकारियों से मीटिंग की।