अमृतसर में पांच स्थानों पर NIA की दबिश।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर अमृतसर जिले में पांच जगहों पर दबिश दी और कई लोगों से पूछताछ की। एनआईए की टीम पहले व्हाइट हाउस स्थित एक फाइनेंस कंपनी के मालिक के घर पहुंची। सुबह करीब नौ बजे पहुंची टीम के सदस्यों ने कंपनी के मालिक और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की। इसके साथ ही एनआईए की दूसरी टीम अमृतसर (देहात) के गांव गगोमाहल पहुंची।
बताया जा रहा है कि टीम गैंगस्टर गुरजंट सिंह जंटा के घर पहुंची। जहां एनआईए के अधिकारियों ने जंटा के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और उनके बैंक खातों का ब्योरा लिया। जंटा के खिलाफ मारपीट और हेरोइन तस्करी के मामले दर्ज हैं।
एनआईए की एक अन्य टीम ने गुज्जरपुरा में दो लोगों के घरों में छापेमारी की और परिवार के लोगों से पूछताछ की। वहीं जंडियाला गुरु स्थित गांव गदली में कथावाचक बाबा भूपिंदर सिंह के घर पहुंची। एनआईए अधिकारियों ने यहां दो घंटों तक पूछताछ की।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एनआईए ने गैंगस्टरों, हेरोइन और असलहा तस्करों व आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ प्रदेशभर में दबिश दी है। एनआईए को हवाला और नशे के पैसे से पंजाब में आतंकी मॉड्यूल ऑपरेट करने की सूचना मिली है।
एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि एनआईए की टीमों ने पंजाब में 50 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब पुलिस की एसटीएफ ने पंजाब भर में 142 ठिकानों और अपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के सहयोगियों से पूछताछ की गई है।