पंजाब के अमृतसर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीमों ने सोमवार तड़के पांच बजे 88 फुट रोड इलाका और गिलवाली गेट इलाके में दबिश दी। एनआईए अधिकारी पुलिस बल के साथ 88 फुट रोड स्थित गैंगस्टर शुभम के घर और पूर्व गैंगस्टर व अब समाज सेवक बन चुके भूपिंदर सिंह सोनू कंगला के घर में कई घंटों तक जांच की। एनआईए ने सुरक्षा के लिए ही पुलिस की मदद ली और पुलिस अधिकारियों को अपनी जांच में शामिल नहीं किया।
एनआईए ने सोमवार को देशभर में कई ठिकानों पर दबिश दी। इसका मकसद गैंगस्टर को पनाह देने वाले और उनको मदद देने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करना है। एनआईए टीमों ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर 88 फुट रोड स्थित गैंगस्टर शुभम और गिलवाली गेट इलाके में पूर्व गैंगस्टर भूपिंदर सिंह उर्फ सोनू कंगला के घर दबिश दी।
शुभम के घर पर मौजूद नहीं होने के चलते इलाके के एक राजनेता के साथ मिलकर कुछ जानकारी ली। वहीं सोनू कंगला के घर में सुबह पांच बजे शुरू हुई जांच देर शाम तक चली। सोनू कंगला के कई केस दर्ज हैं। कई मामलों में वह रिहा हो चुका है। वह आजकल समाजसेवा में अपनी पहचान बना रहा है।
उसकी माता दलबीर कौर इलाके की पार्षद हैं। एनआईए अधिकारियों ने कंगला के घर की कई घंटों तक जांच की और कुछ दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में लिया। एनआईए अधिकारियों ने गैंगस्टर शुभम और सोनू कंगला पर दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी स्थानीय पुलिस से हासिल की। एनआईए की टीम गैंगस्टर शुभम और सोनू कंगला के गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के साथ संबंध खंगाल रही हैं।