सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को पंजाबी गायक मनकीरत औलख और दिलप्रीत सिंह ढिल्लों से करीब पांच घंटे तक दिल्ली मुख्यालय में पूछताछ की। इस दौरान उनसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से उनके संबंधों के बारे में भी सवाल पूछे गए। इन गायकों के नाम लॉरेंस से जुड़ते रहे हैं। मूसेवाला की हत्या के बाद लॉरेंस के विरोधी बंबीहा गैंग ने औलख को जान से मारने की धमकी भी दी थी। बीते हफ्ते एनआईए ने पंजाबी गायक अफसाना खान से भी पूछताछ की थी।
सूत्रों ने दावा किया कि एनआईए ने 15 पंजाबी गायकों को पूछताछ का नोटिस दिया है। अब तक तीन गायकों से सवाल जवाब किए जा चुके हैं। इनमें मनकीरत औलख से हुई पूछताछ को काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल, मनकीरत के दोस्त और अकाली नेता विक्की मिड्डूखेड़ा की पिछले साल अगस्त में मोहाली के सेक्टर-71 में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वह कॉलेज के दिनों में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का दोस्त था। उसकी हत्या के बाद ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर धमकी दी थी कि इस हत्याकांड का बदला जरूर लेंगे।
हत्याकांड की जांच में मूसेवाला के मैनेजर शगुनप्रीत सिंह का नाम सामने आया था। उस पर विक्की के हत्यारों को शरण देने का आरोप लगा था। उसके कुछ ही दिन बाद मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। हालांकि एनआईए ने पूछताछ संबंधी किसी भी बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बारे में मनकीरत औलख के भारतीय नंबर से बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन उनका नंबर स्विच ऑफ आ रहा है।
मनकीरत फेसबुक पर दे चुके सफाई, मिलती रही हैं धमकियां
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को लेकर मनकीरत औलख पर भी सवाल उठते रहे हैं। करीब पांच महीने पहले मनकीरत औलख ने खुद फेसबुक पोस्ट पर इस मामले में सफाई दी थी। उन्होंने लिखा था कि भगवान जानता है कि मैं किसी मां से उसका बेटा छीनना तो दूर यह सब सोच भी नहीं सकता। मुझे भी एक साल से लगातार धमकियां मिल रही हैं। इसके बाद मनकीरत औलख का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लॉरेंस को अपना भाई और यार बताया था।