पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने 2022 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा के पक्ष में माहौल है, बिहार और अन्य राज्यों में हुए उपचुनाव में मिली जीत इसका उदाहरण है। इसके लिए जल्द ही संगठन को मजबूत आधार देने के लिए बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी।
दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल से नाता टूटने के बाद भाजपा का लक्ष्य अब अपने दम पर पंजाब में चुनाव लड़ने का है। इस वजह से भाजपा संगठन विस्तार पर लगातार काम भी कर रही है।
दीपावली से एक दिन पहले ही पिछले तीन महीनों से खाली पड़ी पंजाब प्रभारी की सीट पर राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम की ताजपोशी की गई है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लिए जा रहे लगातार जनहित के फैसलों से पंजाब की जनता बखूबी अवगत है और चुनाव में कार्यकर्ता उन्हीं कामों को लेकर जनता के बीच जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेगी। उन्होंने पंजाब में संगठन को मजबूत आधार देने के लिए जल्द ही संगठन स्तर पर बैठक आयोजित कर रणनीति बनाने के भी संकेत दिए।
किसानों को किया जा रहा गुमराह
भाजपा प्रभारी ने कहा कि सूबे का छोटा किसान कृषि बिलों को लेकर बेहद खुश है। केवल वही लोग परेशान हैं जो किसानों की मेहनत का फायदा उठाकर करोड़ों कमा रहे थे। केंद्र के कृषि कानून किसान को उस बंधुआ काल से मुक्ति दिलाएंगे, जो लोग छोटे किसानों की मेहनत और खून पसीने की कमाई पर मौज कर रहे थे।