गर्मी की छुट्टियों में शिमला घूमने की योजना बना रहे हैं तो ये गुड न्यूज आपके लिए है। दरअसल, अब घंटों सड़क पर जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। पवनहंस कंपनी का उड़नखटोला आपको 20 मिनट में चंडीगढ़ से शिमला ले जाने के लिए तैयार है। 4 जून से चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ाने भरेगा। 20 सीटर इस हेलीकाप्टर का किराया 2999 रुपये रखा गया है।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से काफी समय से की जा रही यात्रियों की डिमांड पूरी हो जाएगी। अब लोगों को बस से पांच घंटे सफर नहीं करना पडे़गा। पवनहंस फिलहाल सोमवार और शुक्रवार को सेवा देगी। यदि मुसाफिरों का रिस्पांस अच्छा रहा तो पूरे सप्ताह सुविधा दी जाएगी। हर साल चंडीगढ़ से शिमला लाखों पर्यटक जाते हैं। इसी कारण दोनों राजधानियों के बीच यह हेली टैक्सी सर्विस शुरू की जाएगी।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर दीपेश जोशी ने बताया कि हेली टैक्सी के अंतर्गत हेलीकाप्टर सुबह आठ बजे शिमला के एयरपोर्ट जबड़हट्टी से चलेगा और 8.20 बजे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच जाएगा। वहीं चंडीगढ़ से यह सुबह 9 बजे उड़ान भरेगा और 9.20 बजे तक शिमला पहुंच जाएगा। पवनहंस कंपनी की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। यात्रियों की संख्या के हिसाब से फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।