पंजाब में पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (पीआरटीसी) की वित्तीय स्थिति में और सुधार लाने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया गया है। पीआरटीसी ने राज्य की नई बनने जा रही ट्रांसपोर्ट पॉलिसी के लिए सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट को सिफारिशें भेजी हैं।
इसमें पंजाब में कार्पोरेशन के एकाधिकार वाले सभी रूटों पर प्राइवेट बस सर्विस पूरी तरह से बंद करने की सिफारिश की है। साथ ही इंटरस्टेट रूटों पर गैरकानूनी ढंग से चल रही प्राइवेट बस सर्विस पर रोक लगाने के साथ ही अलग-अलग रूटों पर सर्विसेज के हिसाब से टाइम का बंटवारा करने की सिफारिश की है।
पीआरटीसी को इस समय बसों से रोजाना एक करोड़ से ज्यादा की आय हो रही है। इस आय में और इजाफा करके कार्पोरेशन की वित्तीय स्थिति पहले से मजबूत की जा सके, इसके लिए पीआरटीसी मैनेजमेंट ने पंजाब की नई ट्रांसपोर्ट पॉलिसी के लिए सरकार को कुछ सिफारिशें भेजी हैं। इनमें सबसे पहले कार्पोरेशन ने सरकार से सिफारिश की है कि पीआरटीसी के पंजाब में जितने भी एकाधिकार वाले रूट हैं, उन पर प्राइवेट बस सर्विस पूरी तरह से बंद कर दी जाए। साथ ही कार्पोरेशन ने सभी मुख्य सड़कों पर अपनी बस सर्विस प्राइवेट की तुलना में 20 फीसदी ज्यादा बढ़ाने की सिफारिश की है।