सुबह के वक्त हाउसिंग बोर्ड से चंडीगढ़ की ओर आने वाले वाहनों को सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट तक लाइट नहीं मिलेगी। वे बिना रुके सीधे पहुंचेंगे। इसी वक्त पर चंडीगढ़ से पंचकूला वाले ट्रैफिक को सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट के चौक से सेंट कबीर स्कूल की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। यह ट्रैफिक शास्त्री लाइट प्वाइंट से रेलवे स्टेशन चौक से होते हुए हाउसिंग बोर्ड पहुंचेगा। वहीं, शाम को पांच से सात बजे तक अलग व्यवस्था रहेगी।
शाम को हाउसिंग बोर्ड से चंडीगढ़ की ओर आने वाले ट्रैफिक को रेलवे लाइट प्वाइंट से बाएं मुड़कर गरचा टर्न से यूटर्न लेकर वापस रेलवे लाइट प्वाइंट से पहले स्लिप रोड से होते हुए ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से पहले बाएं तरफ मुड़कर स्लिप रोड पर जाना होगा। वहां से सीटीयू लाइट प्वाइंट से दाएं यू टर्न होकर वापस मध्य मार्ग पर वापस आना होगा।
मटका चौक से हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाले ट्रैफिक को सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट से बाएं मुड़कर सेंट कबीर स्कूल से दाएं मुड़कर शास्त्री लाइट प्वाइंट से होकर रेलवे लाइट प्वाइंट होते हुए हाउसिंग बोर्ड पहुंचना होगा। हालांकि इसमें आपातकालीन वाहनों एवं लंबी दूरी वाली बसों को रियायत दी गई है।
पीक आवर्स में मध्य मार्ग पर जाने के लिए कई रास्तों को डायवर्ट कर दिया गया है। ऐसे में रेलवे स्टेशन, ट्रिब्यून चौक, इंडस्ट्रियल एरिया की ओर से मध्य मार्ग पर आने वाले वाहन ज्यादातर अंदरूनी सड़कों का इस्तेमाल करेंगे। इस वजह से वहां पर ट्रैफिक जाम की संभावना बढ़ जाएगी।
दूसरे राज्यों के वाहन चालकों को होगी दिक्कत
चंडीगढ़ शहर में टूरिस्टों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल और अन्य राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने अभी तक ऐसा कोई साइन बोर्ड का इस्तेमाल नहीं किया है, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को मदद मिल सके कि आगे जाने के लिए किस-किस रास्तों का उपयोग करें।
मध्य मार्ग पर सर्कुलेशन सिस्टम को मंगलवार सुबह से लागू कर दिया जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि इस व्यवस्था को कामयाब बनाने में सहयोग करें। अगर यह प्लान कामयाब रहा तो शहर की अन्य सड़कों पर भी सर्कुलेशन सिस्टम लागू किया जाएगा। -शशांक आनंद, एसएसपी ट्रैफिक चंडीगढ़