फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: नॉलेज शेयरिंग समझौते को आप ने बताया ऐतिहासिक, वड़िंग, सुखबीर व सिद्धू ने भगवंत मान को घेरा

Tue, 26 Apr 2022 12:08 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब और दिल्ली सरकार के बीच हुए नॉलेज शेयरिंग समझौते को आम आदमी पार्टी (आप) ने ऐतिहासिक करार दिया है और इसे पंजाब की शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा सुधार करने वाला कदम बताया।
विज्ञापन
पंजाब के सीएम भगवंत मान दिल्ली दौरे पर हैं। - फोटो : twitter @BhagwantMann
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब और दिल्ली सरकार के बीच हुए नॉलेज शेयरिंग समझौते को आम आदमी पार्टी (आप) ने ऐतिहासिक करार दिया है और इसे पंजाब की शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा सुधार करने वाला कदम बताया। मंगलवार को आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जो समझौता किया है, उससे पंजाब और दिल्ली दोनों राज्यों के लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा। 

विज्ञापन


विपक्षियों द्वारा समझौते पर सवाल खड़े किए जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब को अंधेरे में धकेला और अकाली दल ने पंजाब की जवानी को नशे के जाल में डूबो दिया है। इन्हें इस मामले में बोलने का अधिकार नहीं है। कंग ने कहा कि इस समझौते से पंजाब का अच्छा भविष्य बनाने की शुरुआत की गई है। पंजाब और पंजाबियों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं और क्रांतिकारी फैसले ले रहे हैं।

कंग ने कहा कि इस समझौते का मकसद है, दिल्ली की तर्ज पर पंजाब की शिक्षा-चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाना और पंजाब के लोगों को अच्छी शिक्षा और चिकित्सा व अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस एग्रीमेंट के बाद अब दोनों सरकारें लोककल्याण के लिए जरूरी और महत्वपूर्ण विचारों और योजनाओं का आपस में आदान-प्रदान करेंगे, जिससे सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को काफी बढ़ावा मिलेगा और लोगों को अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। अब जो पंजाब का बेहतर मॉडल होगा, उससे दिल्ली के लोगों को फायदा पहुंचेगा और दिल्ली की अच्छी योजनाओं से पंजाब के लोगों को फायदा मिलेगा।
विज्ञापन


नौजवानों का भविष्य अंधकार में डाला
कंग ने कहा कि अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने मीडिया के सामने झूठे दस्तावेज पेश किया है। उन्होंने बादल परिवार पर हमला बोला कि जिन लोगों ने नौजवानों को राज्य छोड़कर विदेश जाने के लिए मजबूर किया। नौजवानों का भविष्य अंधकार में डाला और उन्हें नशे के जाल में डूबाया। वह आज पंजाब सरकार अच्छे फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। इन लोगों को इस मामले पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मिलकर पंजाब को लूटा, संसाधनों का दोहन किया
कंग ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल दोनों पार्टियों ने मिलकर पंजाब को लूटा और सरकारी संसाधनों का दोहन किया। अकाली दल ने सरकारी बस सेवाओं को बर्बाद कर अपनी बसें चलवाई, जिस कारण आज पीआरटीसी बेहद घाटे में चल रही है। दोनों पार्टियों की सरकारों ने पंजाब पर तीन लाख करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया और अपने बड़े-बड़े एंपायर खड़े कर लिए। कांग्रेस और अकालियों के समय जो पंजाब का ढांचा बिगड़ा है, ऐसे कदम उठाकर आम आदमी पार्टी की सरकार उसे ठीक करने का प्रयास कर रही है।

भगवंत मान ने पंजाब के हित दिल्ली को बेच दिए: सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के हित दिल्ली को बेच दिए हैं। यह समझौता आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के उल्लंघन का मामला है। हम पंजाब के गवर्नर से संपर्क करेंगे और उनसे पंजाब विरोधी समझौते पर सहमति वापस लेने के लिए मुख्यमंत्री को निर्देश देने का आग्रह करेंगे। 

यह समझौता नहीं, सीधे तौर पर सरेंडर का दस्तावेज : राजा वड़िंग
पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर दिल्ली में अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल के साथ नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट किए जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि यह सिर्फ एक समझौता नहीं, बल्कि सीधे तौर पर सरेंडर का दस्तावेज है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एक पूर्ण राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली जैसे अर्ध राज्य के साथ इस तरह के समझौते के कारण पर सवाल खड़ा किया है जो दिल्ली-पंजाब के छोटे से जिले से भी छोटा है और उसकी सरकार की कार्यप्रणाली सिर्फ स्थानीय निकाय तक सीमित है। इस तरह के समझौते के पीछे का उद्देश्य केजरीवाल द्वारा मान पर दबाव है, जिससे उन्हें ही नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सामान्य रूप से पंजाब के ऊपर अपनी अति सांविधानिक अथॉरिटी चलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।

सिद्धू ने भी साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू ने कहा कि भगवंत मान की दिल्ली यात्रा वास्तविक मुद्दों से विचलन है, अन्य चुनावों में लाभ के लिए केवल फोटो सेशन और राज्य के खजाने की बर्बादी है। पंजाब को वित्तीय, किसानों और बिजली संकट से बाहर निकलने के लिए नीति की जरूरत है। स्थानीय समस्याओं को स्थानीय समाधान की आवश्यकता है। समाधान आय सृजन में निहित है। 
 
उन्होंने कहा कि भगवंत मान आठ साल से बतौर सांसद दिल्ली में थे, तब आप दिल्ली के स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों में क्यों नहीं गए? अपने निर्वाचन क्षेत्र संगरूर में एमपी-लेड फंड से एक को भी क्यों नहीं दोहराया? आपकी दिल्ली यात्रा केवल प्रचार है और सरकारी खजाने और पंजाबी गौरव की क्षति है।

पंजाब भाजपा के प्रवक्ता सुभाष शर्मा ने कहा कि मैं पंजाब के सीएम भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि क्या यह रिपोर्ट ठीक है? क्या सच में पंजाब को अधिकारिक रूप से अरविंद केजरीवाल के हवाले किया जा रहा है? यह एमओयू नहीं, मैमोरेंडम ऑफ सरेंडर है। पंजाब की अनख पर हमले को पंजाबी कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें