रॉक गार्डन चंडीगढ़ के निर्माता नेकचंद
- फोटो : फाइल फोटो
महिलाओं का और परिवारों के बिछड़ने का दर्द देखना व महसूस करना चाहते हैं तो रॉक गार्डन चले आइए। एक खास प्रोग्राम होने जा रहा है। रॉक गार्डन के फेज-1 में बने नए ओपन थिएटर में नीलम मान सिंह के निर्देशन में नाटक डार्क बॉर्डर का मंचन किया जाएगा। नाटक का मंचन लगातार पांच दिन 5 मई से 9 मई तक शाम को साढ़े सात बजे होगा।
इसमें कुल 11 कलाकार प्रस्तुति देंगे। 70 मिनट के नाटक में महिला और परिवारों के बिछड़ने के दर्द को पेश किया जाएगा। वीरवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान निर्देशक नीलम मान सिंह ने बताया कि नाटक में किसी समय विशेष को नहीं दिखाया गया है, लेकिन इसमें उस समय को पेश किया गया जब कोई महिला अपने परिवार से अचानक दूर हो जाती ह या फिर कोई परिवार एक-दूसरे से बहुत ज्यादा प्यार करता है और वह अलग हो जाता है।
उन्होंने कहा कि नाटक में शहर के ही कलाकारों को मुख्य तौर पर लिया गया है और यह कलाकार युवा हैं। नाटक के माध्यम से संदेश ही नहीं बल्कि मनोरंजन का भी प्रयास किया जाएगा। वहीं पत्रकारों से बातचीत में संस्कृति एवं पर्यटन डायरेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि रॉक गार्डन फेज-1 में नाटक आयोजित करवाने का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को प्रमोट करना है। इससे पहले मात्र टैगोर थिएटर सेक्टर-18 में ही नाटकों का मंचन होता है।