नवरात्र शुरू होते ही हर वर्ष कलाग्राम में भी डांडिया उत्सव का आयोजन किया जाता है। जिसमें ट्राइसिटी के लोग बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं।
इस बार यहां डांडिया रिकॉर्ड किए हुए म्यूजिक पर नहीं बल्कि लाइव शो के जरिए किया जाएगा। ऐसा पहली बार हो रहा है जब डांडिया में ताजगी का तड़का लगाने के लिए लाइव प्रस्तुति होगी। जानकारी देते हुए डांडिया ग्रुप की हेड जलव पटेल ने बताया कि पिछले चार सालों से कलाग्राम में हम प्रस्तुति दे रहे हैं। इस ग्रुप में इस बार कुल 21 सदस्य हैं जिसमें से 13 लड़कियां और बाकी लड़के हैं। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष यहां पर प्रस्तुति देने का अलग ही मजा है।
सेक्टर-34 के प्रदर्शनी ग्राउंड के चंडीगढ़ हॉट में भी दस दिवसीय ‘डांडिया उत्सव’ की शुरुआत हुई। इसका संचालन गुजरात के भावनगर स्थित ओम शिव संस्था का ओर से किया जा रहा है। उत्सव में भाग लेने वाले 22 सदस्यीय दल ने देश और विदेश में एक हजार से भी अधिक शो को किए हैं। दल का नेतृत्व करने वाली हिना पटेल पिछले पांच सालों से इस उत्सव में भाग लेती आ रही है, और हर बार डांडिया में कुछ नया लाती हैं। इस बार वह डांडिया के 25 नए स्टेप लेकर आईं हैं। श्निवार को इस उत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें ग्लोबल यूथपीस फेस्ट में भाग ले रहे 21 देशों के विदेशी प्रतिनिधियों ने डांडिया खेला और इस नृत्य शैली की खूब सराहना की।
गर्भवती महिलाओं ने भी किया गरबा
प्रेगनेंसी 101 चंडीगढ़ सेंटर की ओर से चंडीगढ़ क्लब में गर्भवती महिलाओं के लिए गरबा और कैटवॉक इवेंट का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए नीरू वर्मा ने बताया कि यह इवेंट तीन अक्तूबर तक चलेगा। इसमें कोई भी गर्भवती महिला भाग ले सकती है।