भाजपा में लौटने की अटकलों के बीच पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर भाजपा की जमकर खिंचाई की। सिद्धू ने महाराष्ट्र, चंडीगढ़, हिमाचल में भाजपा के चुनावी खेल की निंदा की।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र से लेकर मध्य प्रदेश तक, चंडीगढ़ (मेयर चुनाव) से लेकर हिमाचल (राज्यसभा चुनाव) तक, एक घिनौनी कहानी सामने आती है, जो इस बात का प्रमाण है कि लोगों के वोट की पवित्रता का अपमान किया गया है और उसे भंग कर दिया गया है।
सिद्धू ने सवाल किया कि यह कैसा लोकतंत्र है, जिसमें लोग किसी को वोट देते हैं और कोई पार्टी अपने प्रभाव व ताकत से एकतरफा सिस्टम बनाना शुरु कर देती है जो लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है।
सिद्धू ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सरकार बनाने के लिए हुए खेल के साथ-साथ चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के घटनाक्रम को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया और हिमाचल प्रदेश में ताजा घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों के वोट का क्या मतलब रह गया है? क्या यह लोकतंत्र है? उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही खतरनाक और काला सच है। इसमें किसी देश का भाग्य वोट के रूप में देश के नागरिकों के हाथों में नहीं बल्कि उन लोगों के हाथों में है जो जोड़-तोड़ और जोर-जबरदस्ती के जरिए व्यवस्था को नियंत्रित करना चाहते हैं। सिद्धू ने कहा कि अगर लोगों का वोट मायने नहीं रखता तो फिर लोकतंत्र क्या है?