पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में मंगलवार तड़के भारतीय वायु सेना द्वारा नियंत्रण रेखा पार कर पाक अधिकृत कश्मीर में की गई एयर स्ट्राइक के लिए वायु सेना को हर तरफ से बधाइयां मिल रही हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा - भारतीय वायु सेना ने बहुत बढ़िया काम किया। एयरफोर्स ने पाकिस्तान और आतंकवादियों को बहुत जरूरी संदेश दे दिया है कि वे यह न सोचें कि पुलवामा हमले जैसे गतिविधियों के बाद वे बच निकलेंगे। जवानों को बधाई और इस कार्रवाई के लिए मेरा पूरा समर्थन उनके साथ है।
कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर कहा- लोहे को लोहा काटता है, आग को आग काटती है, सांप जब डंक मारता है, उसका एंटीडोट विष ही है, आतंकियों का विनाश अनिवार्य है। भारतीय वायुसेना की जय हो। बता दें कि पुलवामा हमले के बाद अपने बयान के चलते नवजोत सिंह सिद्धू आलोचनाओं का शिकार हुए थे।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विजय सांपला ने प्रधानमंत्री के भाषण के एक हिस्से को अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने ट्वीट किया कि आज का दिन भारतीय लोगों के लिए एक बड़ा दिन है। सुरक्षा बलों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मातृभूमि की पाकिस्तान और जैश के नापाक इरादों से रक्षा की है। जय हिंद जय हिंद की सेना।