पंजाब कांग्रेस की तरफ से लखीमपुर खीरी तक निकाले जा रहे रोष मार्च के कारण जीरकपुर में जाम लग गया। पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से कांग्रेसी वर्करों को सुबह दस बजे का समय दिया गया था। सुबह दस बजे तक यहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और वर्करों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। जबकि सिद्धू अपने निजी काफिले के साथ दोपहर साढ़े बारह बजे पहुंचे। इसके अलावा करीब एक बजे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अलग से अपने काफिले के साथ पहुंचे। इसके कारण जीरकपुर की सड़कों पर जाम लग गा।
सुबह दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जीरकपुर में भारी जाम रहा। मौके पर हवाई अड्डे की लाइटों से बनूड़, मोहाली एयरपोर्ट चौक, जीरकपुर पंचकूला सड़क व चंडीगढ़ अंबाला मुख्य मार्ग पर मैकडोनल्डस चौक तक वाहनों की कतारें लगी हुई थी। जिस कारण राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
पांच मिनट का सफर तय करने को वाहन चालकों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। एसएसपी मोहाली नवजोत सिंह मेहल, एसपी देहाती रवजोत कौर ग्रेवाल और डीएसपी मोहाली गुरप्रीत सिंह बैंस ट्रैफिक प्रबंधों को काबू करने में जुटे थे लेकिन मौके पर हालात काफी खराब हो गए थे। दोपहर बाद तकरीबन दो बजे जब काफिला यहां से निकला तब जा कर पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए यातायात सुचारू करवाया।