राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पंजाब-हरियाणा में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में 10 संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर छापे मारे। पांच घंटे तक चली कार्रवाई में जांच एजेंसी ने पंजाब में नौ जगह तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई आपत्तिजनक सामान और कागजात जब्त किए। लुधियाना के जगरांव से दो युवक गुरवीर और वरिंदर को पूछताछ के लिए उठाया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशा तस्करी से जुड़े हैं और कई गैंगस्टरों से उनके संबंध हैं। फिलहाल एनआईए ने कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
एनआईए की टीम ने मंगलवार सुबह छह बजे श्री मुक्तसर साहिब की अबोहर रोड बाईपास पर गुरु नानक मोहल्ला में महकदीप सिंह के घर दबिश दी। वह मेलों में खिलौने बेचने का काम करता है। टीम ने महकदीप को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक महकदीप के बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन हुआ। वहीं, एनआईए की दूसरी टीम ने बठिंडा के गांव शेरगढ़ में ट्रक चालक हरमन सिंह के घर पर छापे मारे। एनआईए को संदेह है कि उक्त ट्रक चालक के गैंगस्टरों से संबंध हैं। एनआईए ने उसके घर से कुछ कागजात और आपत्तिजनक सामान जब्त किया है। तलाशी के दौरान घर में सिर्फ एक वृद्धा मौजूद थी। एनआईए को हरमन के मोबाइल से गैंगस्टरों के नंबर मिले हैं।
फिरोजपुर में एनआईए ने पांच जगहों पर छापे मारे। गांव बुईंयावाला में एनआईए ने मनदीप सिंह के घर दबिश देकर पूछताछ की। एक टीम ने इसी गांव के दो भाइयों के घर पर भी छापे मारे हैं। दोनों भाई मनीला में रहते थे। वहां जेल में भी बंद रहे हैं। एक टीम ने तलवंडी भाई अजीत नगर में कुलवीर सिंह उर्फ बाबा के घर दबिश दी। बाबा नाई का काम करता है। उसे हथियारों के साथ फोटो खिंचवाने का शौक है। एनआईए ने गगनदीप सिंह निवासी गांव लल्ले और झिरमल निवासी गांव घल्लखुर्द में छापे मारे।