एक तरफ लोग आतिशबाजी कर रहे होंगे, दूसरी और कई कर्मचारी काली दीवाली मना रहे होंगे। ये ऐलान एनएचएम कर्मियों ने किया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की सख्ती और 59 नेताओं की बर्खास्तगी के बाद भी प्रदेश भर के एमएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। कर्मियों ने शुक्रवार को बातचीत न करने की हठधर्मिता और लगातार हो रही बर्खास्तगी के विरोध मे काली दिवाली मनाने का फैसला लिया है।
शनिवार को भी पुलिस ने कई जिलों में हड़ताली कर्मचारियों को खदेड़ने के प्रयास किए। एनएचएम इंप्लाइज एसोसिएशन ने हड़ताल की समीक्षा और भावी रणनीति तय करने के लिए रविवार को जींद मे राज्य कार्यकारिणी की मीटिंग बुलाई है। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि विभाग के मंत्री व मिशन डायरेक्टर जितनी ताकत हड़ताल तोड़ने में लगा रहे हैं अगर उसकी आधी ताकत भी इसके समाधान के लिए लगाए गएं तो हल निकल सकता है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने समान काम-समान वेतन के सिद्धांत को लागू करने के आदेश दिए हैं, जिसे बगैर देरी लागू किया जाना चाहिए।
सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा ने भी एक नवंबर को रोहतक में केंद्रीय कमेटी की मीटिंग बुलाई है, जिसमें एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के प्रति सरकार के रवैये और सातवें वेतन आयोग की लागू की जाने वाली सिफारिशों का अध्ययन कर भावी आंदोलन की रणनीति का भी एलान किया जाएगा।