रविवार शाम पंजाब कला भवन में साहिब सिंह द्वारा लिखित और निर्देशित नाटक ‘इक होर गदर’ का मंचन अदाकार मंच मोहाली ने किया। करतार सिंह और बलबीर सिंह दो दोस्त थोड़े ही में दिनों में अपना देश छोड़ अमेरिका जाने वाले हैं। दोनों एक पुरानी इमारत में रहते हैं और अमेरिका जाने की खुशी में जश्न का इंतजाम करते हैं।
जश्न शुरू होता है, लेकिन अचानक इमारत में कुछ हरकतें होने लगती हैं। इस बीच 1913 में अमेरिका में भारत की आजादी के लिए हुए गदर आंदोलन के देशभक्त करतार सिंह सराभा और सोहन सिंह भकना दोनों लड़कों से बात करने लगते हैं।
नाटक की आगे की कहानी में गदर आंदोलन के दौरान हुई समस्या और समय समय पर उठने वाले सवालों के जवाब भी दिए गए। अंत में नाटक की कहानी में युवाओं से एक नए गदर की अपील की गई, जिसमें साम्राज्यवाद और मल्टी नेशनल कंपनी की बेड़ियां प्रमुख रही। नाटक में संगीत गौरव राय ने दिया और इसके लिए गीत साहिब सिंह ने खुद ही लिखे।
नाटक में करतार सिंह के रोल में अजय, बलबीर के किरदार में सुरिंदर सिंह, करतार सिंह सराभा के रोल में मनदीप सिंह मनी, पिता के रोल में जसवीर गिल, राजनेता के किरदार में बनिंदरजीत सिंह, गुलाब कौर के किरदार में प्रीत कौर, सेक्रेटरी के रोल में मनु सिंह और सोहन सिंह भकना के किरदार में सार्थक नरुला ने अभिनय किया।