चंडीगढ़ में सड़क किनारे नारियल पानी बेचता दुकानदार
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ में अब नारियल पानी बेचने के लिए भी जगह अलॉट की जाएगी। प्रशासन ने इसके लिए आवेदन मांगे हैं। इससे अब शहर में सड़कों के किनारे नारियल पानी की वैध दुकानें लगेंगी। इसके लिए 37 साइट्स चिन्हित की गई हैं, उसमें सिर्फ वी-4 और वी-5 (अंदरुनी ) रोड शामिल हैं। लेकिन नगर निगम ने किसी भी वी-3 (प्रमुख मार्ग) पर नारियल पानी बेचने की मंजूरी नहीं दी है।
नारियल पानी बेचने का किराया भी रोजाना के हिसाब से तय किया गया है। वी-4 रोड पर साइट का एक दिन का किराया 150 रुपये, जबकि वी-5 साइट पर नारियल पानी बेचने का किराया 100 रुपये तय किया गया है। लेकिन नारियल पानी किस रेट पर बेचा जाएगा यह तय नहीं किया है। नगर निगम की ओर से जो नोटिस जारी किया गया है उसमें इन साइट्स पर फल और सब्जी बेचने की मंजूरी नहीं है।
10 जून तक मांगे आवेदन, 22 को निकलेगा ड्रा
नगर निगम ने नारियल पानी बेचने के लिए साइट्स अलाट करने के लिए आवेदन मंगवाए हैं, जिनका ड्रा 22 जून को निकाला जाएगा। एक जुलाई से 30 नवंबर तक नारियल पानी बेचने की मंजूरी दी जाएगी। जबकि 10 जून तक ड्रा के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के साथ एक हजार रुपये का शुल्क भी अदा करना है।