ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में गुरु पर्व के मौके पर रविवार को संगत का तांता लगा रहा। एक तो रविवार की छुट्टी, उस पर संगत की श्रद्धा, सुबह से देर रात तक गुरुद्वारे में लंबी लाइनें लगी रहीं।
वहीं, पावन पर्व पर गुरु का अटूट लंगर भी चलता रहा। पंजाब, हरियाणा और ट्राइसिटी से आई लाखों की संगत और गाड़ियों के चलते हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
हालांकि, माजरी चौक से ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया। वाहनों को संभालने में ट्रैफिक पुलिस और चंडीमंदिर थाना पुलिस तैनात रही। इसके अलावा गुरुद्वारे में भी सुरक्षा के लिहाज से इंतजाम किए गए थे। गुरुद्वारे में आने वाली संगत इतनी ज्यादा थी कि गुरुद्वारे के पीछे आईटी पार्क वाली सड़क भी गाड़ियों से भरी रही।
गुरुद्वारा नाडा साहिब में तो लाखों की तादाद में संगत पहुंच ही रही थी, साथ ही सेक्टर-15 व सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारों में भी गुरु पर्व धूमधाम से मनाया गया। गुरुद्वारों को सुंदर लाइटों से सजाया गया।
विधायक डीके बंसल भी गुरुद्वारा श्री नाड़ा साहिब में गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर माथा टेकने पहुंचे। विश्व भर में गुरु नानक देवजी का प्रकाशोत्सव बड़ी ही श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया जाता है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से विधायक को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया।