रबी सीजन में फसलों की खरीद को लेकर मुख्य सचिव ने ली बैठक
चंडीगढ़। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि रबी सीजन के दौरान राज्य सरकार किसानों की सरसों, चना, सूरजमुखी और समर मूंग की खरीद निर्धारित एमएसपी पर करेगी। इसके अलावा मार्च महीने से पांच जिलों में उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से सूरजमुखी तेल की सप्लाई भी शुरू की जाएगी।
मुख्य सचिव सोमवार को यहां रबी सीजन के दौरान की जाने वाली खरीद प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार की ओर से मार्च के अंतिम सप्ताह में 5650 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से सरसों की खरीद शुरू की जाएगी। इसी प्रकार 5440 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों से चना खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 मई से 8558 रुपए प्रति क्विंटल की दर से समर मूंग की खरीद की जाएगी। साथ ही एक से 15 जून तक 6760 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से सूरजमुखी की खरीद की जाएगी।
इस सीजन में 50,800 मीट्रिक टन सूरजमुखी, 14,14,710 मीट्रिक टन सरसों, 26,320 मीट्रिक टन चना और 33,600 मीट्रिक टन समर मूंग की पैदावार होने की संभावना है। उन्होंने हरियाणा राज्य वेयर हाउसिंग काॅर्पोरेशन, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और हैफेड की ओर से मंडियों में सरसों, समर मूंग, चना और सूरजमुखी की खरीद शुरू करने के लिए तैयारियां पूरी करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी गई उपज का तीन दिन के अन्दर भुगतान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. राजा शेखर वुंदरू, हैफेड के प्रबंध निदेशक जे. गणेशन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक मुकुल कुमार मौजूद रहे।