शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग के घाटे को पूरा करने के लिए मनोनीत पार्षद एवं आर्किटेक्ट सुरेंद्र बग्गा ने नगर निगम को लिखित में कुछ सुझाव देकर उनको लागू करने की मांग की है। बग्गा का दावा है कि इन दस सुझावों को लागू करने से मल्टीलेवल पार्किंग का घाटा पूरा हो जाएगा।
मालूम हो कि मल्टीलेवल पार्किंग के प्रोजेक्ट को बनवाने में मनोनीत पार्षद सुरेंद्र बग्गा ने अहम रोल अदा किया है। नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर वीरेंद्र चौधरी को भेजे पत्र मे उन्होंने सबसे प्रमुख सुझाव यह दिया है कि मल्टीलेवल पार्किंग में संडे कार बाजार शुरू की जाए। उनका कहना है कि सेक्टर-17 के व्यापारी भी इसकी प्रशंसा करेंगे।
बाकी नौ सुझाव ये हैं:
2. सेक्टर-17 में जगह जगह मल्टीलेवल पार्किंग के साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि दूसरे शहरों से आने वाले लोगों को यहां पर पार्किंग की सुविधा की जानकारी मिल सके। 3. ट्रैफिक पुलिस को भी पार्किंग के अंदर इधर उधर वाहन पार्क करने वालों के चालान काटने में शामिल किया जाए। इस समय 200 वाहन रोड बर्म पर पार्क होते हैं अगर पुलिस ऐसा करेगी तो चालक अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी करेंगे।
4. ट्रेडस एसोसिएशन के अलावा अन्य एनजीओ से बात की जा सकती है कि वह खुद ही मल्टीलेवल पार्किंग को चलाने केलिए आगे आए।
5. पार्किंग रेट पर फिर से काम करना चाहिए। टाप फ्लोर पर वाहन पार्क करना महंगा और नीचे की फ्लोर में सस्ता होना चाहिए।
6. सेक्टर-17 में 250 टैक्सियां पार्क होती हैं। यहां पर छह टैक्सी स्टैंड हैं। इसके लिए चालकों और मालिकों से बात की जाए कि अगर वह मल्टीलेवल पार्किंग में कार पार्क करेंगे तो उन्हें विशेष छूट दी जाएगी।
7. मल्टीलेवल पार्किंग चलाने वाली कंपनी इस समय 25 से 30 कर्मचारियों का शुल्क नगर निगम से चार्ज कर रही है जबकि चलाने के लिए इतने स्टाफ की जरूरत नहीं है। सुरक्षाकर्मियों का खर्चा कम करने के लिए पुलिस विभाग से भी सलाह ली जा सकती है।
8. महिलाओं के लिए ऊपर की मंजिलों में पार्किंग के लिए जगह की ई मार्किंग की जानी चाहिए। ऐसे स्थलों पर सिर्फ महिला स्टाफ ही तैनात की जाएं।
9. यहां पर लिफ्ट नहीं चल रही हैं। इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि इसके अंदर ज्यादा लोग अपने वाहन पार्क करने के लिए नहीं आ रहे हैं। कार मालिक को सीढ़ियां चढ़कर आना जाना पड़ रहा है ऐसे में लिफ्ट को चालू किया जाए।
10. साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पार्किंग पेड हो जाएगी तो इसका असर भी पड़ेगा।