पहले अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड की मार्केटिंग। फिर प्रापर्टी का व्यापार और उसके बाद शटरिंग इंडस्ट्री। यह सब कमाल है फ्रेंड्स का। यहां बात हो रही है फ्रेंड्स इंडस्ट्री के पार्टनर नवदीप शर्मा की। जिनका कैरियर दोस्तों की ताकत और हिम्मत ने बना दिया।
नवदीप को दोस्तों ने सलाह दी तो एक दोस्त के साथ ही मिलकर शटरिंग की इंडस्ट्री लगाई और अब एक सफल उद्यमी बन चुके हैं। यही कारण है नवदीप ने अपनी इंडस्ट्री का नाम रखा फ्रेंड्स स्टील इंटरप्राइजेज। नवदीप ने अपना कैरियर शुरू किया वर्ष 1999-2000 में।
नवदीप बताते हैं कि उन्होंने कैरियर शुरू किया तो उस समय वह अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड की मार्केटिंग करते थे। आठ माह अमेरिकन एक्सप्रेस के लिए काम करने के बाद उन्होंने फाइनेंस का काम शुरू किया। इसके बाद वर्ष 2001 से 2006 तक उन्होंने अपना प्रापर्टी का बिजनेस शुरू किया।
नवदीप के अनुसार हर काम उनके लिए नया था पर हर काम में दोस्तों ने प्रोफेशनल तौर पर मदद की। नवदीप ने कहा कि जिस समय प्रापर्टी का बिजनेस शुरू किया तो एक दोस्त भूषण गुप्ता उनके साथ थे। भूषण शटरिंग किराए पर देते थे।
भूषण ने ही सलाह दी कि शटरिंग का काम शुरू करो। उनको विचार आया कि कंस्ट्रक्शन का काम सीधे प्रापर्टी से संबंधित है, जब तक बिल्डिंग बनेंगी तब तक शटरिंग का काम चलेगा।
फैक्ट्री लगाने के बाद सीखा काम
नवदीप ने कहा कि फैक्ट्री लगाने के बाद उन्होंने काम सीखा। वह काम करने वाली लेबर के साथ अक्सर बैठ जाते थे और काम करने लगते थे। जिसका लाभ धीरे-धीरे उनको मिलने लगा। अब शटरिंग का सारा काम आता है और कई बार जब माल की डिलीवरी जल्दी करनी होती है तो खुद भी काम में लग जाते हैं।
लेबर की समस्या सामने आई
नवदीप ने कहा कि स्किल्ड लेबर की समस्या उनके लिए मुख्य है। ट्रेंड लेबर नहीं मिलते हैं, जिसकी वजह से लेबर को यहां पर लगाकर काम सिखाना पड़ता है। नवदीप ने बताया कि ज्यादातर लेबर बाहर की है, जिसकी वजह से उनके छुट्टी पर चले जाने के कारण काम प्रभावित होता है।
काम के लिए बैंक से मिली मदद
नवदीप ने बताया कि उनको फैक्ट्री लगाने में बैंक की सहायता पूरी मिली। जिसकी वजह से भी वह काम करने में सफल हो सके। नवदीप ने कहा कि फाइनेंस किसी भी व्यापार को शुरू करने में फाइनेंस ही आवश्यक है।
प्रोफाइल
स्कूलिंग-सीएलडीएवी सेक्टर-11, पंचकूला
कालेज-डीएली कालेज सेक्टर-10, चंडीगढ़
युवाओं के लिए टिप्स
1. इंडस्ट्री शुरू करने के लिए करें पहले उसके बारे में जानें।
2. इंडस्ट्री को शुरू करने के लिए फाइनेंस सबसे अहम है।
3. इंडस्ट्री का भविष्य जरूर जान लें, जिससे लाभ मिले।
4. प्रोफेशनल का सहारा लें, जिससे इंडस्ट्री को मिलेगी दिशा।