चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने सेकटर-51 की सेल्फ फाइनेंस हाउसिंग स्कीम को लांच करने के लिए तारीख तय कर ली है। गणतंत्र दिवस से पहले 25 जनवरी को इस स्कीम का ब्रोशर लांच कर दिया जाएगा। शहरवासी काफी लंबे समय से इस स्कीम का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि पिछले सात साल से कोई स्कीम लांच नहीं हुई है।
इस सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत फ्लैट के रेट भी बोर्ड ने एक लाख कम कर दिया है। अब टू बीएचके फ्लैट की कीमत 69 लाख रुपये तय की गई है जबकि जब प्रशासन को प्लान भेजा गया था उस समय इसकी कीमत 70 लाख रुपये तय की गई थी।
इसके साथ ही हाउसिंग बोर्ड ने यह भी तय कर लिया है कि ब्रोशर एचडीएफसी बैंक की सभी शाखाओं से मिलेंगे और वहीं जमा होंगे। इस स्कीम के तहत अभी फिलहाल 128 टू बीएचके फ्लैट का निर्माण किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार अगर इसके साथ लगती अतिक्रमण वाली जमीन खाली हो गई तो कुल 200 फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा।
1050 वर्ग फुट का होगा फ्लैट
टू बेड रूम के एक फ्लैट का एरिया 1050 वर्ग फुट होगा हर फ्लैट के लिए अलग से पार्किंग होगी, जिसके मालिक को उनके फ्लैट नंबर से पार्किंग अलाट होगी। बोर्ड के अनुसार ड्रा निकालने के बाद निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा और दो साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करके अलाटियों को सौंप दिया जाएगा।
बोर्ड यह सेल्फ फाइनेंस स्कीम साल 2008 के बाद लांच करने जा रहा है। इससे पहले शहर के सरकारी कर्मचारियों के लिए हाउसिंग स्कीम लांच की गई थी लेकिन करीब 4 हजार सफल आवेदक कर्मचारियों को अभी तक मकान नहीं मिले हैं। बोर्ड ने जो फ्लैट की कीमत 69 लाख रखी है उसकी बाजार में इस समय 90 से 95 लाख कीमत है।
सेक्टर-51 में लोगों के लिए टू बीएचके फ्लैट्स की स्कीम जल्द लांच होने वाली है।
- मनिंदर बैंस, सीएचबी चेयरमैन