सोनिया गांधी को भेजा गया पत्र।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा के भुच्चो मंडी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह कोटभाई की टिकट को खारिज करने के संबंध में रविवार को मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी राजेश भास्कर ने सोनिया गांधी को पत्र भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीतम कोटभाई ने जीसीए कंपनी के नाम पर उस जैसे सैकड़ों लोगों के साथ करोड़ों रुपये की ठगी की है।
राजेश भास्कर ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि 2017 में विधानसभा चुनाव जीतकर कांग्रेस से विधायक बने प्रीतम कोटभाई द्वारा जीसीए के नाम पर एक कंपनी चलाई जा रही थी। जिसके तहत उक्त विधायक मध्य प्रदेश के मुरैना के अलावा अन्य कस्बों में आता था और लोगों को अच्छे पैसे का मुनाफा का झांसा देकर अपनी कंपनी में पैसे जमा करवाया। पिछले कुछ वर्षों से जब उसको और अन्य लोगों को प्रीतम कोटभाई ने पैसे वापस नहीं किए तो उन्होंने पंजाब आकर उस समय के डीजीपी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी पत्र लिखकर इंसाफ की मांग उठाई थी और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कोटभाई की सदस्यता खारिज करने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि उनकी किसी ने भी कोई सुनवाई नहीं की बल्कि अब कांग्रेस हाईकमान ने प्रीतम को टिकट देकर साबित कर दिया कि कांग्रेस में ऐसे लोगों को ज्यादा अहमियत दी जाती है। राजेश ने बताया कि वो आने वाले दिनों में पंजाब के बठिंडा जिले के भुच्चो मंडी विधानसभा क्षेत्र में आकर प्रीतम कोटभाई के बारे में लोगों को बताएंगे। स्थानीय लोगों की सहायता से इंसाफ लेने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पत्र लिखकर विधायक प्रीतम कोटभाई का टिकट खारिज करने व और पार्टी से निकालने की अपील की।