सांसद रवनीत सिंह बिट्टू रविवार दोपहर सिविल अस्पताल का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि महानगर में लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यही वजह है कि वह देखने आए है कि क्या तैयारी है और क्या तैयारी बाकी है।
सांसद बिट्टू ने कहा कि मगर वह सिविल अस्पताल के हालात देखकर ही काफी हैरान है। सफाई तो दूर की बात है कोई स्टाफ नर्स या फिर मुलाजिम ही नहीं है। हर कोई तड़प रहा है। कोई नर्स दिखाई नहीं दे रही। काफी समय हो चुका है लेकिन कोई स्टाफ नहीं आया। मोहल्ला क्लीनिक की बात करने वालों के सामने यह हालात देखे।
वह इस बारे में स्वास्थ्य मंत्री से तुरंत बात करेंगे। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने खुद बाथरुम देखे। अस्पताल में दाखिल मरीज के रिश्तेदारों ने सांसद को हालातों से अवगत कराया और कहा कि यहां लोग ठीक होने के बजाय और बीमार हो रहे हैं। अस्पताल में न तो पीने का पानी है और न बाथरूम साफ हैं।
सांसद बिट्टू ने कहा कि कोरोना काल में लुधियाना के सिविल अस्पताल ने पंजाब के अलावा दिल्ली के मरीजों को भी संभाल रखा था। उन्होंने खुद सांसद निधि से दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान दिया था लेकिन वह सामान नजर ही नहीं आ रहा। बिट्टू ने कहा कि सात नवंबर को बैठक है। इसमें सभी बातों को रखा जाएगा और जवाब तलब किया जाएगा। इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव से भी बात की जाएगी। बिट्टू ने कहा कि आप सरकार के पास सिर्फ कांग्रेसियों को काबू करने के अलावा कोई काम नहीं है।
आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब के सीएम को इधर-उधर घुमाया जा रहा है। सीएम भगवंत मान पंजाब छोड़ हिमाचल और गुजरात के दौरे पर ज्यादा हैं। अगर वह पंजाब सही से संभाल पाते तो गुजरात जाकर लोगों को दिखाए वरना हवा में बात करना बंद करें। उन्होंने कहा कि वह सिविल अस्पताल की हालत को लेकर काफी चिंतित हैं।