दीपदान करतीं पंजाब के सीएम भगवंत मान की माता हरपाल कौर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की माता हरपाल कौर मंगलवार को कपालमोचन पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले पहली व दसवीं पातशाही गुरुद्वारा में स्नान कर शीश नवाया। गुरुद्वारा प्रबंधक ने हरपाल कौर को सम्मानित किया। इसके पश्चात हरपाल कौर ने कपालमोचन सरोवर, ऋण मोचन के समीप सफेद गऊ बच्छा मंदिर, ऋण मोचन सरोवर व सूरजकुंड सरोवर के समीप दीप दान कर स्नान किया।
हरपाल कौर का कहना है वह अनेक बार कपालमोचन मेले में इससे पूर्व भी कार्तिक माह पर पूजा अर्चना करते आई हैं। यहां से जो भी मांगा वो मिला। पिछली बार उन्होंने बेटे की शादी की मन्नत मांगी थी। अब वह पूरी हो गई। अब दोबारा सूरजकुंड सरोवर के समीप बनी दुकानों से सेहरा लेकर सूरजकुंड मंदिर में चढ़ाकर मन्नत मांगी है।
उन्होंने कहा कि यहां मांगी गई मन्नत हमेशा पूरी होती है। इसके साथ-साथ उन्होंने पूजा अर्चना कर पंजाब में शांति व सुरक्षा बनी रहे, परिवार अनेक ऊंचाइयों को छुए व उनका घराना आगे बढ़ता रहे, को लेकर मंदिरों में अरदास की। श्राइन बोर्ड के वाइस चेयरमैन एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने साइन बोर्ड के सदस्यों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की मां हरपाल कौर को शाल भेंट कर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सूरजकुंड सरोवर पर ही आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह बाजवा अपने समर्थकों के साथ हरपाल कौर के साथ भेंट की।