पंजाब में तीन दिन तीखी धूप के बाद प्री मानसून दस्तक देगा। इसके बाद 26 से तीन दिन के लिए सूबे के अधिकतर हिस्सों बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल में 28 जून से मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान है, जिससे दो दिन पहले ही बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। हालांकि, हरियाणा में 24 से 27 तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखे जा सकते हैं।
मौसम विभाग ने पंजाब में 26 से तीन दिन के लिए भविष्यवाणी की है। चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर एके सिंह के मुताबिक 26 प्री मानसून दस्तक देगा, जिस गति के साथ मानसून आगे बढ़ रहा है। इससे पूरी संभावना है कि इस महीने के अंत तक मानसून पंजाब में दस्तक दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून की बारिश सामान्य से अधिक रहेगी। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में भी मानसून अमूमन जून के अंत तक ही पंजाब में दस्तक देता रहा है। हालांकि, इस बार बीते वर्षों के मुकाबले अधिक बरसात होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को पंजाब के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारे में दो से चार डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। उधर, शनिवार को भी पंजाब के अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। अभी भी यह औसत से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है। लू के प्रकोप के साथ लुधियाना सबसे गर्म है। यहां 42.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का अधिकतम तापमान 39.4, लुधियाना का 41.4, पटियाला का 40.4, बठिंडा का 34.0, गुरदासपुर का 40.0, फिरोजपुर का 38.8 डिग्री दर्ज किया गया।
वर्ष 2023 में सामान्य से चार दिन पहले 24 जून को मानसून हिमाचल पहुंचा था। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार 2023 के मानसून सीजन ने भारी तबाही मचाई। 24 जून से 6 अक्तूबर तक प्रदेश में 832 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
रोहतांग में गिरे फाहे
रोहतांग। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के निचले इलाके में शनिवार को भी बारिश हुई है। रोहतांग के साथ ऊंची चोटियों में फाहे गिरने से ठंड पड़ गई है। कुल्लू में तीसरे दिन भी बारिश नहीं हुई है। आसमान में बादल के बावजूद बारिश नहीं होने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर रहा है।