मौसम में आए बदलाव की वजह से चंडीगढ़ में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है। तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। देश में एक तरफ जहां कई राज्य बारिश से बेहाल हैं, वहीं चंडीगढ़ के लोग बारिश के इंतजार में है। अब तक छोटे-छोटे स्पेल में ही बारिश हुई है। पिछले हफ्ते से ठीक से बारिश नहीं हुई है।
मानसून के मौसम में चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन मानसून रूठा हुआ है।
विज्ञापन
रविवार को भी पूरे दिन धूप रही जिससे उमस और गर्मी से लोग परेशान नजर आए। सोमवार को भी बारिश के आसार नहीं हैं। बारिश नहीं होने से पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
अगले दो-तीन दिनों में भी बारिश की संभावना कम है। हालांकि 17 जुलाई से मौसम बदल सकता है और 18 जुलाई को शहर में बारिश हो सकती है। इस बार अभी तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हो रही है, जबकि चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने भविष्यवाणी की थी कि इस बार बारिश सामान्य से ज्यादा होगी।
सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा पारा
मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। सोमवार को भी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि दिन में हल्के बादल छा सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। शहर में 1 जून से लेकर रविवार शाम 5:30 बजे तक अब तक कुल 138.7 एमएम बारिश हुई है। यह सामान्य से 48 फीसदी कम है।
मौसम का पूर्वानुमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
16 जुलाई 36 28
17 जुलाई 34 29
18 जुलाई 35 28
19 जुलाई 35 28