चंडीगढ़ में मानसून की तय तारीख 29 जून है, लेकिन इस बार मानसून ने अपनी तारीख मिस कर दी है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि मानसून कम से कम तय तारीख से आठ से नौ दिन पीछे चल रहा है। ऐसे में मानसून के 9-10 जुलाई को आने की संभावना है। पिछले साल मानसून ने 28 जून को एंट्री मार दी थी।
पिछली बार बारिश भी अच्छी खासी हुई थी। मानसून में हुई बारिश ने पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया था लेकिन इस बार मानसून की बारिश का इंतजार बढ़ गया है। बारिश न होने से तापमान में बढ़ोतरी जारी है। प्री मानसून भी सूखा बीत रहा है। बारिश का नामोनिशान दूर-दूर तक नहीं है।
देरी की है ये वजहें
इस बार मानसून की शुरुआत ही देरी से हुई है। केरल में मानसून एक जून तक पहुंच जाना चाहिए था लेकिन वहां एक हफ्ते की देरी से पहुंचा है। यही सबसे बड़ी वजह है कि चंडीगढ़ में भी मानसून देरी से पहुंचा है। इसकी दूसरी वजह चक्रवाती तूफान ने इसकी रफ्तार रोकी।
प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बार-बार बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र ने भी मानसून में अवरोध पैदा की है। हालांकि 20 जून के आसपास मानसून ने तेजी पकड़ी और चार से पांच दिन में मानसून ने 20 राज्यों को कवर कर लिया। अब फिर मानसून टिक गया है। ऐसे में जब तक कोई मौसमी सिस्टम नहीं बनता तब तक मानसून आगे नहीं बढ़ेगा। एक व दो जून के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे मानसून को सपोर्ट मिलेगा।
जून में 78 फीसदी बारिश की कमी
जून की महीने में अक्सर प्री मानसून की बारिशों का दौर आता है, लेकिन इस बार प्री मानसून भी सूखा रहा है। जून महीने में करीब 78 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है। शुक्रवार तक चंडीगढ़ में 113.1 एमएम बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 24.8 एमएम बारिश हुई है। इसी तरह से दिल्ली में 88 फीसदी, पंजाब में 41 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 40 फीसदी और हरियाणा में 54 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है।
गर्मी बढ़ी, दो जुलाई से मिलेगी राहत
बारिश नहीं होने से चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि दो जून से प्री मानसून की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। दो और तीन जुलाई को बारिश की संभावना जताई जा रही है। इससे तापमान के नीचे आ सकता है।
चंडीगढ़ कब पहुंचा मानसून
साल मानसून की तारीख बारिश कमी/ज्यादा
2018 28 जून 998 18 फीसदी ज्यादा
2017 12 जुलाई 752.8 11फीसदी कम
2016 दो जुलाई 456.9 46 फीसदी कम
2015 25 जून 548.3 35फीसदी कम
2014 एक जुलाई 354.5 58 फीसदी कम
चंडीगढ़ में मानसून पहुंचने की तारीख 29 जून है। लेकिन इस बार मानसून अपनी तारीख मिस कर गया है। जो स्थितियां बन रही हैं, उसके मुताबिक जुलाई के दूसरे हफ्ते के दूसरे या तीसरे दिन मानसून शहर में प्रवेश कर सकता है।
- सुरेंद्र पाल, निदेशक मौसम विभाग