फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अकाली-बीजेपी पार्षदों ने किया बायकॉट, करोड़ों के प्रस्ताव पास

Tue, 12 Jan 2016 10:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मोहाली
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम की नए साल की पहली हाउस मीटिंग में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। डिप्टी मेयर मनजीत सेठी की टिप्पणी के बाद अकाली-बीजेपी पार्षदों ने नारेबाजी करते हुए हाउस का बायकाट किया। वहीं निगम में सत्तापक्ष के आजाद व कांग्रेस ग्रुप के पार्षदों ने करीब 45 मिनट तक मीटिंग में करोड़ों के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास किए।
विज्ञापन


इसमें प्रॉपर्टी टैक्स सहित कई प्रस्ताव भी पास किए गए। मेयर कुलवंत सिंह ने अकाली-बीजेपी पार्षदों के बायकाट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सदन में ही अपनी बात रखनी चाहिए थी। इस प्रकार बायकाट गलत है।
अकाली-बीजेपी पार्षद सोमवार को सत्तापक्ष को पूरी तरह घेरने की तैयारी में थे। वह तय समय से पहले हाउस में पहुंच गए थे। उन्होंने अपनी जगह भी बदली हुई थी। पहले वह पीछे वाली सीटों पर बैठते थे।
विज्ञापन


इस बार सभी पार्षद आगे वाली सीटों पर थे। जैसे ही मीटिंग में प्रस्तावों पर चर्चा शुरू हुई तो अकाली-बीजेपी पार्षदों ने नोकझोंक शुरू कर दी। लेकिन शहर के टायलेट ब्लॉक का ठेका देने का प्रस्ताव आते ही मामला गर्मा गया।

अकाली बीजेपी पार्षदों ने पहले कहा कि इस प्रस्ताव को सीधा पास करने की बजाय सदन को पढ़कर बताया जाए कि इसमें क्या काम होगा। जब इसे पढ़कर सुनाया गया तो उन्होंने कहा कि साढ़े चार करोड़ रुपये ऐसे ही खर्च किए जा रहे हैं। अकाली पार्षद परमजीत सिंह काहलों का कहना था कि उन्हें लगातार शौचालय की सफाई संबंधी शिकायतें आ रही हैं।

इस पर मेयर ने उन पर बाउंसर मारा। उन्होंने कहा कि चलो ठेका रद्द कर देते हैं। लेकिन वह बताएं कि फिर वह इसे कैसे चलाएंगे। इस पर पार्षद शांत हो गए। इसके पार्षद वालिया ने कहा कि इसमें शर्त लगा दी जाए कि जब पेमेंट करनी होगी तो इसके लिए इलाके के पार्षद से भी सहमति लेनी होगी। हालांकि पार्षद परमजीत सिंह काहलों का कहना था कि साढ़े चार करोड़ की रकम बहुत बड़ी है। इतनी रकम तो विधायक चार साल में नहीं लाए।

इसी बीच डिप्टी मेयर मनजीत सिंह सेठी ने टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि अकाली पार्षद तो दारा स्टूडियो के पास स्थित गेस्ट हाउस की मीटिंग वाली भाषा बोल रहे हैं।

इतना बोलने की देर थी कि अकाली-बीजेपी ने सीटें छोड़ दीं। साथ ही मेयर के पास पहुंच गए। वह मांग करने लगे कि सेठी अपने शब्दों को वापस लें। साथ ही मेयर इसके लिए माफी मांगें। दस मिनट तक यह ड्रामा चला। इसके बाद अकाली-बीजेपी पार्षदों ने सदन छोड़ दिया। इसके बाद सत्तापक्ष ने 416 करोड़ से प्रस्ताव पास करवा लिए।

श्रद्धांजलि के बाद उपिंदर ने ली शपथ
निगम की मीटिंग के शुरू में कमिश्नर उमा शंकर गुप्ता ने कहा कि एक्सईएन एके बत्ता के पिता का देहांत हो गया। ऐसे में उनकी आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा जाए। इसी बीच पार्षद साहिबी आनंद ने कहा कि इसके साथ ही पठानकोट में शहीद हुए जवानों के सम्मान में भी मौन रखा जाए। फिर दोनों के सम्मान में सामूहिक रूप से मौन रखा गया। वहीं, वार्ड नंबर-29 से उप चुनाव जीतकर सदन में पहुंची उपिंदर कौर ने शपथ ली।

अकाली बोले, अच्छे काम की प्रशंसा तो करो
इसी बीच अकाली दल की पार्षद कुलदीप कौर कंग ने कहा कि पहली बार निगम को 412 करोड़ की ग्रांट सरकार से आई है। इसलिए पंजाब सरकार का धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाना चाहिए। पार्षद हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि अच्छे काम की प्रशंसा भी कर दिया करो। मेयर ने कहा कि पहले निगम की कार्रवाई तो शुरू होने दी जाए।

निगम में अफसरशाही राज
इसी बीच जब स्ट्रीट वेडिंग एक्ट का बायलॉज संबंधी प्रस्ताव लाया गया तो निगम में सत्ता पक्ष के कांग्रेस पार्षद कुलजीत सिंह बेदी ने एतराज जताया। उन्होंने कहा कि वह कमेटी के मेंबर है।

लेकिन उन्हें बायलॉज संबंधी कॉपी दिए बिना ही इसे पास कर दिया। इस पर कमिश्नर ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता। हालांकि सामने आया कि स्टाफ से चूक हो गई है। इस पर बेदी ने कहा कि निगम में अफसरशाही हावी है। अभी सुनवाई नहीं हो रही है। इसके बाद शर्तें लगाकर प्रस्ताव पास किया गया।

कमेटियों से अपने पार्षदों को ले रहे हैं मेयर
अकाली बीजेपी पार्षदों ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के मेयर विभिन्न कामों के लिए बनाई जाने वाली कमेटियों में केवल सत्तापक्ष के पार्षदों को ही लेते हैं। जबकि अकाली-बीजेपी पार्षदों को नकारा जा रहा है।

बीजेपी पार्षद बॉबी कंबोज ने बताया कि वह पहले स्ट्रीट वैडिंग कमेटी के मेंबर थे। लेकिन फिर उन्हें चुपके से इससे अलविदा कर दिया गया। सदन में बीजेपी के पार्षद दल के नेता अरुण शर्मा ने मेयर से मांग की है कि ऐसा खेल न किया जाए। सबको बराबर मौका दिया जाए।

पेड पार्किंग पर बीजेपी ने घेरा
पेड पार्किंग का ठेका रद्द करने की मांग को लेकर बीजेपी पार्षदों ने सदन में जमकर आवाज उठाई। पार्षद अरुण शर्मा ने मामले को मीटिंग में उठाया। हालांकि मेयर ने उन्हें कहा कि जब एजेंडे में आइटम आएगी। तभी बहस की जाएगी। शर्मा व अकाली पार्षद परमजीत सिंह काहलों ने कहा कि पेड पार्किंग मामले में अभी तक कमेटी नहीं बनी है। लोग परेशान हैं। जबकि इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें