इंटरनेशनल योग डे पर चंडीगढ़ में मोदी की क्लास
- फोटो : फाइल फोटो
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मोदी के कार्यक्रम में लोग जुटाना नाक का सवाल बन गया है। अब प्रशासन ने नया पैंतरा चला है। प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपना रजिस्ट्रेशन कराने के मौखिक आदेश जारी कर दिए हैं। इन आदेशों के बाद चंडीगढ़ में रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या पंजाब से भी ज्यादा हो गई है। इससे पहले पंजाब रजिस्ट्रेशन में चंडीगढ़ और हरियाणा से आगे चल रहा था।
चंडीगढ़ में इस समय 14705, पंजाब में 13243 और हरियाणा 2675 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। कोई विवाद उत्पन्न न हो इसलिए लिखित की बजाए सिर्फ मौखिक हिदायत दी गई है। कर्मचारियों में इस हिदायत को लेकर चर्चा है। प्रशासन ने शुक्रवार को इस तरह की हिदायत दी थी। दो दिन में ही हजारों रजिस्ट्रेशन बढ़ गए। अभी तक 1 लाख 15 हजार लोग प्रशासन की वेबसाइट पर विजिट कर चुके हैं।
स्कूल बंद करने का आदेश पड़ा था महंगा
इससे पहले प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद श्मशान का रास्ता भी बंद कर दिया गया था। इस आदेश की जमकर आलोचना हुई थी। खुद प्रधानमंत्री ने भी इस पर ट्वीट कर जवाब मांगा था। इस आदेश से हुई फजीहत को देखते हुए इस बार प्रशासन योग दिवस पर कुछ बंद नहीं करेगा। साथ ही अनिवार्य रजिस्ट्रेशन के लिखित आदेश भी नहीं दिए गए।
200 सेंटरों पर रोज हो रहा योग
निर्धारित सभी 200 योग सेंटरों पर रोजाना योग प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग हो रही है। जैसे जैसे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस नजदीक आ रहा है, सभी योग सेंटर पर लोगों की संख्या बढ़ती जा रही थी। चुनिंदा योग सेंटरों पर तो संख्या 100 से अधिक पहुंच गई है।