बालीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर 18 मई को शाम 6.30 बजे टैगोर थिएटर में ‘मेरा वो मतलब नहीं था ...’नाटक का मंचन करेंगे। इस नाटक में उनके साथ नीना गुप्ता और राकेश बेदी जैसे बालीवुड के नामी कलाकार भी अभिनय करेंगे। नाटक की स्क्रिप्ट और डायरेक्टर राकेश बेदी ने लिखी है। इसके लिए टिकट का मूल्य 500 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक रखा गया है। यूटी का डिपार्टमेंट ऑफ कल्चरल अफेयरर्स और टैगोर थिएटर सोसाइटी मिलकर यह कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। टिकटों की बिक्री रविवार 8 मई से शुरू होगी।
गौरतलब है कि शहर के लोगों का थिएटर में लगाव को देखते हुए पहली बार 22 से 24 अप्रैल तक टैगोर थिएटर में आयोजित चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल की एंट्री फीस रखी गई थी। लोगों को 100 और 200 रुपये दो कैटेगरी में टिकट उपलब्ध कराए गए थे। तीन दिन के फेस्टिवल में 70 फीसदी से अधिक टिकट बिके थे। यूटी प्रशासन ने चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल के अच्छे रिस्पांस को देखते हुए आगामी नाटक में एंट्री फीस रखी है।
6 जगह से ले सकते हैं टिकट
नाटक के लिए 500,1000 और 1500 रुपये की तीन कैटेगरी में टिकट रखे गए हैं। शहरवासी नाटक की टिकट टैगोर थिएटर, सुखना लेक स्थित इंफोरमेशन सेंटर, सेक्टर-17 स्थित इंफॉरमेशन सेंटर ,टूरिज्म इंफॉरमेशन सेंटर सेक्टर-42 सेक्टर-1 स्थित इंफॉरमेशन सेंटर कैपिटल कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-34 स्थित चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं।
शहर में नामी कलाकारों द्वारा पेश नाटकों को देखने की मांग की जाती है। अनुपम खेर जैसे बड़े कलाकार नाटक कर रहे हैं। सभी टिकट बिकने से करीब 6 लाख आमदनी होगी। जबकि कलाकारों को इससे अधिक पेमेंट देने होगी। हाल ही में चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल में टिकट सिस्टम का अच्छा रिस्पांस मिला था।
- जितेंद्र यादव, डायरेक्टर टूरिज्म विभाग चंडीगढ़